बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने फिल्मों और टेलीविजन के बाद अब डिजिटल दुनिया में भी कदम रख दिया है। भाईजान ने अपना ऑफिशियल यूट्यूब चैनल लॉन्च किया है, जिसका नाम ‘बीइंग सलमान खान’ है। इस चैनल पर फैंस को उनकी निजी और प्रोफेशनल जिंदगी से जुड़ी झलक देखने को मिलेगी। इसके साथ ही सलमान अपने शूटिंग के पीछे के मजेदार पल यानी बिहाइंड-द-सीन्स कंटेंट भी शेयर करेंगे।
मजेदार टीजर के साथ किया चैनल का ऐलान
सलमान खान ने अपने यूट्यूब चैनल की शुरुआत एक मजेदार टीजर के जरिए की। इस वीडियो में वह अंग्रेजी के अल्फाबेट बोलते नजर आए। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर टीजर शेयर करते हुए लिखा, ‘शुरू से शुरू करते हैं… मेरा ऑफिशियल यूट्यूब चैनल। A से Z तक सब यहां मिलेगा।’
सलमान के इस अंदाज ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। अब उनके चाहने वाले इस चैनल पर उनके नए वीडियो और खास कंटेंट का इंतजार कर रहे हैं।
पहले वीडियो में सलमान ने निभाए टीचर और स्टूडेंट के रोल
यूट्यूब चैनल लॉन्च करने के बाद सलमान खान ने अपना पहला वीडियो भी शेयर कर दिया। इसमें वह टीचर बनकर बॉडी पार्ट्स के नाम सिखाते नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि वीडियो में टीचर और स्टूडेंट, दोनों की भूमिका सलमान ने खुद निभाई है।
वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘सलमान सर की क्लास: बॉडी पार्ट्स, टीचर भी मैं और स्टूडेंट भी मैं।’ बताया गया है कि यह वीडियो पहले ही रिकॉर्ड किया गया था, जिसे अब उनके ऑफिशियल चैनल पर रिलीज किया गया है।
लॉन्च के साथ ही बढ़ने लगे सब्सक्राइबर्स
सलमान खान की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके नए यूट्यूब चैनल को शुरुआत से ही अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। खबर लिखे जाने तक चैनल के सब्सक्राइबर्स की संख्या 31.4 हजार से ज्यादा हो गई थी।
फैंस उनके मजेदार वीडियो को पसंद कर रहे हैं और कमेंट सेक्शन में अपनी प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं।
फैंस ने किए मजेदार कमेंट्स
सलमान खान के पहले वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने कई दिलचस्प कमेंट्स किए। एक यूजर ने उन्हें ‘द ओजी सलमान खान’ कहा, जबकि दूसरे ने लिखा कि उन्हें सलमान के यूट्यूब चैनल शुरू करने की उम्मीद नहीं थी।
एक अन्य यूजर ने वीडियो की तारीफ की। वहीं, एक फैन ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘वेलकम सलू भाई ऑन यूट्यूब।’ इन प्रतिक्रियाओं से साफ है कि फैंस सलमान के इस नए डिजिटल अंदाज को लेकर उत्साहित हैं।
इन फिल्मों में नजर आएंगे सलमान खान
वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान इन दिनों रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ को होस्ट कर रहे हैं। इसके अलावा वह जल्द ही फिल्म ‘मातृभूमि’ में नजर आएंगे। अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका निभा रही हैं।
इसके साथ ही सलमान साउथ के फिल्ममेकर वामशी पैदिपल्ली के साथ फिल्म SVC63 में काम कर रहे हैं। इस फिल्म में नयनतारा भी नजर आएंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का नाम ‘मॉन्स्टर’ बताया जा रहा है। फिल्म को ईद 2027 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।



