मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। देवास रोड स्थित श्रीगंगा होटल में देर रात फूड वेस्ट प्लांट के चैंबर में उतरने से चार लोगों की मौत हो गई। शुरुआती जांच में चैंबर के अंदर जहरीली गैस होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, होटल के पिछले हिस्से में खाने का बचा हुआ कचरा जमा करने और उसे नष्ट करने के लिए एक चैंबर बनाया गया था। देर रात एक कर्मचारी किसी काम से चैंबर के अंदर उतरा, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आया। उसे बचाने के लिए तीन अन्य लोग भी चैंबर में उतर गए। आशंका है कि अंदर मौजूद जहरीली गैस के कारण चारों लोग बेहोश हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी चारों लोगों को चैंबर से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान वाहिद, मनोज, कमलेश और नितिन के रूप में हुई है।
गैस रिसाव की आशंका, जांच के आदेश
उज्जैन के एसपी प्रदीप शर्मा के मुताबिक, होटल के कर्मचारी और बाहर से काम के लिए बुलाए गए कुछ लोग कचरे के चैंबर में उतरे थे। शुरुआती जांच में गैस रिसाव की आशंका सामने आई है। बताया जा रहा है कि चैंबर का फर्श भी फिसलन भरा था, जिसके कारण लोग गिरकर बेहोश हो गए। उन्हें बचाने के लिए अंदर गए अन्य लोग भी इसकी चपेट में आ गए।
वहीं, जिला कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि पहले दो लोग चैंबर में उतरे थे। जब वे बाहर नहीं आए तो उन्हें बचाने के लिए दो अन्य लोग भी अंदर चले गए। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है।
10 साल से चल रहा है होटल
जानकारी के अनुसार, श्रीगंगा होटल पिछले करीब 10 वर्षों से संचालित हो रहा है। वहीं, होटल से जुड़ी फर्म पिछले 50 सालों से उज्जैन में कारोबार कर रही है। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अगर जांच में होटल प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



