दिल्ली में शराब खरीदने के लिए अब ठेकों पर लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत कम हो सकती है। दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत ढांचा विकास निगम (DSIIDC) ने ‘दिल्ली लिकर बुकिंग’ नाम से एक मोबाइल ऐप शुरू किया है। इस ऐप की मदद से ग्राहक अपनी पसंद की शराब का ब्रांड चुनकर ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान कर सकेंगे। हालांकि, इस सुविधा में शराब की होम डिलीवरी नहीं होगी। ग्राहकों को अपना ऑर्डर लेने के लिए संबंधित दुकान पर जाना होगा।
कैसे काम करेगा दिल्ली लिकर बुकिंग ऐप?
इस ऐप के जरिए ग्राहक उपलब्ध शराब के ब्रांड देख सकते हैं। इसके बाद वे अपनी पसंद की दुकान चुनकर बोतल का साइज और मात्रा तय कर सकते हैं। बुकिंग और भुगतान की प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी होगी।
भुगतान करने के बाद ग्राहक को एक क्यूआर कोड मिलेगा। शराब की दुकान पर इस कोड को स्कैन करके ग्राहक अपना ऑर्डर ले सकेंगे। इससे दुकान पर खरीदारी की प्रक्रिया आसान होने और भीड़ कम होने की उम्मीद है।
बुकिंग के 48 घंटे के अंदर लेना होगा ऑर्डर
ऐप से शराब की बुकिंग करने वाले ग्राहकों को एक जरूरी समयसीमा का ध्यान रखना होगा। ऑनलाइन बुकिंग के बाद 48 घंटे के अंदर संबंधित दुकान से शराब लेनी होगी।
ऐप पर शराब लेने से पहले बुकिंग रद्द करने का विकल्प भी उपलब्ध होगा। हालांकि, एक बार शराब खरीद लेने या ऑर्डर प्राप्त करने के बाद उसे वापस नहीं किया जा सकेगा।
फिलहाल 208 सरकारी दुकानों पर मिलेगी सुविधा
दिल्ली में चार सरकारी निगमों के जरिए 700 से ज्यादा दुकानों पर शराब बेची जाती है। लेकिन फिलहाल ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा केवल DSIIDC के 208 आउटलेट्स पर उपलब्ध कराई गई है। इसलिए दिल्ली के सभी शराब ठेकों पर अभी इस सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा।
क्या है इस सुविधा को शुरू करने का उद्देश्य?
इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य शराब की दुकानों पर लंबी कतारों को कम करना और भुगतान काउंटरों पर भीड़ घटाना है। ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान से बिलिंग की प्रक्रिया को भी अधिक पारदर्शी बनाने की कोशिश की गई है।
ग्राहक दुकान पर पहुंचने से पहले ही अपनी पसंद का ब्रांड और बोतल का साइज चुन सकेंगे। हालांकि, उन्हें शराब लेने के लिए तय दुकान पर खुद जाना होगा, क्योंकि फिलहाल होम डिलीवरी की सुविधा नहीं दी गई है।
Disclaimer: यह न्यूज केवल सूचना देने के उद्देश्य से बनाया गया है। शराब का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। शराब का सेवन न करें और न ही इसे बढ़ावा दें। शराब खरीदने और सेवन से संबंधित सभी स्थानीय कानूनों एवं सरकारी नियमों का पालन करें।



