उत्तर प्रदेश में गुरुवार को हुई बारिश के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. कई जिलों में तेज बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है. गुरुवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे. कई जगहों पर तेज हवाओं, गरज-चमक और बिजली की गड़गड़ाहट के साथ मूसलाधार बारिश हुई. रातभर भी बारिश जारी रही. मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश, बिजली गिरने और ओले पड़ने की चेतावनी जारी की है.
मौसम विभाग के मुताबिक, 30 अक्टूबर शुक्रवार को भी उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. कई जगहों पर ओले गिरने की भी आशंका है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है.
वहीं, पूर्वांचल के ज्यादातर हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इन इलाकों में बिजली गिरने और करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग ने इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
यूपी के इन जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और कुशीनगर में बहुत भारी बारिश हो सकती है. इन जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने का भी खतरा है.
इसके अलावा लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, मऊ, आजमगढ़ और अंबेडकरनगर में भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. इन इलाकों में बिजली गिरने को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है.
इन जिलों में ओले गिरने का अलर्ट
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, मुरादाबाद और रामपुर में आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है.
इसके अलावा लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, जौनपुर, गाजीपुर, उन्नाव, हरदोई, कन्नौज, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, बदायूं, अलीगढ़, बुलंदशहर, संभल, नोएडा, गाजियाबाद और हापुड़ में भी तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है.
1 नवंबर से कम होने लगेगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, 31 अक्टूबर को भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो सकती है. हालांकि, 1 नवंबर से बारिश की रफ्तार कम होने लगेगी. पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि पूर्वांचल के एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. मौसम का यह बदलाव 4 नवंबर तक जारी रहने का अनुमान है.
बारिश से 5 डिग्री तक गिर सकता है तापमान
लगातार हो रही बारिश का असर तापमान पर भी दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. हालांकि, इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे इतनी ही बढ़ोतरी होने का अनुमान है. ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश के लोगों को ठंड का ज्यादा एहसास हो सकता है.



