सीवान जिले के जामो थाना क्षेत्र के आलमापुर गांव में शुक्रवार (23 अक्टूबर) को पटाखों में आग लगने से एक मकान में भीषण विस्फोट हो गया. विस्फोट इतना तेज था कि मकान के अगले हिस्से का मलबा सड़क पर जा गिरा. सीवान के पुलिस अधीक्षक (SP) भारत सोनी ने चार लोगों के मौत की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि शाम पांच बजे हमें सूचना मिली थी. हम इस मामले में एफआईआर दर्ज करेंगे और ये जांच की जाएगी कि इनके पास लाइसेंस था या नहीं. ग्रामीणों ने बताया कि इनके पास पुराना लाइसेंस था. 20 सालों से ये काम कर रहे थे.
एसपी ने बताया कि गांव के मुखिया ने हमें बताया कि मकान के अंदर सात लोग मौजूद थे. अभी तक चार मौत कंफर्म है. मेडिकल टीम यहां आई हुई है, वो एक बार बाकी की पुष्टि कर देगी उसके बाद ही हम फाइनल बता पाएंगे.
इसके साथ उन्होंने कहा कि इस बार हमने सभी सीओ और एसएचओ को लाइसेंस का वेरिफिकेशन करने के लिए कहा था. उस निर्देश के आलोक में वेरिफिकेशन हुआ और उसमें क्या कमियां रहीं, जिसकी भी कमियां पाई जाएंगी उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
मकान में कई लोग थे मौजूद
जानकारी के अनुसार, आलमपुर निवासी मो. अमीरुद्दीन मियां के मकान में पटाखे रखे हुए थे. इसी दौरान पटाखों में आग लग गई. आग ने मकान में रखे अन्य पटाखों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद लगातार विस्फोट होने लगे.
दो घंटे तक होते रहे धमाके
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. करीब दो घंटे तक रह रहकर धमाकों की आवाज सुनाई देती रही. विस्फोट की भयावहता के कारण शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होने और उनकी पहचान करने में परेशानी होने की सूचना है.
बढ़ सकता है मौत का आंकड़ा
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मेडिकल टीम और तमाम पुलिस टीम वहां पर लगी हुई हैं. रेस्क्यू भी किया जा रहा है. मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है.



