भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 29 जून को देश के ज्यादातर हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा। पूर्वोत्तर, पूर्वी भारत, मध्य भारत और पश्चिमी तट के कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम भारत में भी अब मानसून ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है, जिससे आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक आज हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. इसके अलावा उत्तराखंड में आज भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. मध्य प्रदेश के भी कई इलाकों में आज भारी बारिश की संभावना जताई गई है. छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी भारी बारिश के साथ तेज हवाओं के चलने का अनुमान है.
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में अगले सप्ताह से तेजी आने का अनुमान है. जुलाई के पहले सप्ताह में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी के आसार हैं. इस दौरान बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर व कोटा उदयपुर संभाग के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. रविवार को राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली.
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में सबसे अधिक मानसून सक्रिय
IMD के मुताबिक आज पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में सबसे अधिक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है. बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश के आसार हैं. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय के कुछ इलाकों में भारी से भी बहुत भारी बारिश हो सकती है. इन राज्यों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है.
