चमोली जिले में 3 मजदूरों की मौत
उत्तराखंड के चमोली जिले में टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में भू-धंसाव से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 3 मजदूरों की मौत की सूचना है।
टनल में फंसे लोगों में से अब तक 16 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। बाकी लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
रेस्क्यू में जुटीं कई टीमें
घटना के बाद जिला प्रशासन, पुलिस, SDRF, NDRF, ITBP और सेना की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। सभी टीमें मिलकर टनल में फंसे लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि टनल में फंसे ज्यादातर मजदूर झारखंड और छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं।
युद्धस्तर पर चल रहा बचाव अभियान
जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। घटनास्थल पर जरूरी संसाधन और मेडिकल सुविधाएं भी जुटाई जा रही हैं।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बचाव अभियान को युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को फंसे हुए मजदूरों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालने और राहत कार्य में पूरी सावधानी बरतने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल तथा राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेज दिया गया है।
जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को समन्वय के साथ त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ईश्वर से सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आवश्यकतानुसार हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
मृतकों के नाम
- प्रदीप पंवार (35), ग्राम गांवर, चंबा, टिहरी
- मुकेश
- दुर्लभ शर्मा
घायलों के नाम
- चंदन कुमार सिंह (39), रोहताश, बिहार
- रोहित पांडे 20, कल्यानपुर, विहार, इन्हें रेफर किया गया है
- खेला राम (22) विसरा, झारखंड
- दीना बेंगरा (26), ग्राम रोने, तुरपा, झारखंड
- निस्तर मैंगरा (24), निवासी, बेराकिसु टोली, झारखंड
- पैल सिंह नेतांग (33), ग्राम समलपुर, गोंडा, छत्तीसगढ़
- विनोद रायना (46), ग्राम, गुमला, झार खंड
- हबील गुड़िया (27), टपरा, झारखंड
- सुनील दीवान (20), ग्राम दही टोंगा, कोंडा, छत्तीसगढ़
- सीवेक (42), ग्राम संग्रकला, जिला तरनतारन, पंजाब
- तिलक राज (48), ग्राम शेरू, किहार, चंबा
- अज्ञात
- अज्ञात
यह भी पढ़े- कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर सरकार का बड़ा अपडेट, यात्रियों की सुरक्षा पर जोर



