देशभर में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, सोमवार यानी 23 नवंबर को देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश हो सकती है. बारिश की संभावना तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक के अलावा उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 23 से 27 नवंबर तक कई जगहों पर बारिश हो सकती है. वहीं, केरल और माहे में 24 से 26 नवंबर के बीच भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, यानम और रायलसीमा में 23 से 26 नवंबर तक गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में सोमवार को मौसम साफ रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री कम रह सकता है. वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है. सुबह के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक हवाएं चल सकती हैं.
यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में सोमवार को हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी में 23 नवंबर को बारिश की संभावना जताई है. वहीं, राज्य के बाकी हिस्सों में बारिश या तेज आंधी को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है.
पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा भी देखने को मिला. दूसरी तरफ, बिहार में सोमवार को बारिश की कोई संभावना नहीं है. यहां गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर भी मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है.
राजस्थान में बारिश का अलर्ट नहीं
राजस्थान में 23 नवंबर को मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने राज्य के किसी भी जिले में बारिश, गरज-चमक, तेज आंधी या ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी नहीं की है.
पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
हिमाचल प्रदेश में सोमवार को बारिश और बर्फबारी की कोई चेतावनी नहीं दी गई है. मौसम विभाग ने अपनी रिपोर्ट में पश्चिमी विक्षोभ का जिक्र किया है, लेकिन 23 नवंबर को राज्य के किसी भी इलाके में बारिश या बर्फबारी का विशेष अनुमान नहीं जताया है.
वहीं, जम्मू-कश्मीर में भी सोमवार को बारिश और बर्फबारी को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. फिलहाल दोनों पहाड़ी राज्यों में मौसम को लेकर लोगों को किसी बड़ी चेतावनी का सामना नहीं करना पड़ेगा.



