लद्दाख में कड़ाके की ठंड के बीच पंचायत और नगर परिषद चुनावों में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. पंचायत चुनाव में 70.03 प्रतिशत और नगर परिषद चुनाव में 52.4 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. साल 2019 में केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद लद्दाख में पहली बार स्थानीय निकायों के चुनाव हुए हैं. इसलिए इन चुनावों को क्षेत्र के लोकतांत्रिक सफर में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
इन चुनावों में पहली बार वोट डालने वाले युवाओं से लेकर महिलाओं, बुजुर्गों और बौद्ध भिक्षुओं तक ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे होने और दूर-दराज के गांवों तक पहुंचने में परेशानी के बावजूद लोग मतदान केंद्रों पर पहुंचे.
लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने चुनाव में लोगों की भागीदारी की तारीफ की. उन्होंने इसे केंद्र शासित प्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन बताया.
पंच और सरपंच चुनाव में कितना हुआ मतदान?
उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि पंचायत चुनाव में पंच पद के लिए 73.60 प्रतिशत और सरपंच पद के लिए 70.03 प्रतिशत मतदान हुआ.
यह आंकड़ा साल 2018 के पंचायत चुनावों में दर्ज 67.8 प्रतिशत मतदान से ज्यादा है. अधिकारियों के मुताबिक, आठ जिलों के 192 पंचायत क्षेत्रों में चुनाव कराए गए. इनमें सरपंच के 192 और पंच के 1,428 पद शामिल थे.
इनमें से 55 सरपंच और 1,186 पंच निर्विरोध चुने गए. बाकी 137 सरपंच और 242 पंच पदों के लिए वोट डाले गए.
लेह और कारगिल में भी हुआ मतदान
नगर परिषद चुनावों में लेह के सभी 21 वार्डों में मतदान हुआ. वहीं, कारगिल के कुल 17 वार्डों में से चार पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए. बाकी 13 वार्डों में वोटिंग कराई गई.
चुनाव अधिकारियों ने बताया कि पूरे क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए खास इंतजाम किए गए थे.
दूर-दराज के इलाकों में हेलीकॉप्टर से पहुंचाई गई चुनाव टीम
लद्दाख के कई इलाके बेहद दुर्गम हैं. यहां कड़ाके की ठंड और खराब भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पहुंचना आसान नहीं है. इसके बावजूद चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए.
जांस्कर के तीन ऐसे दूर-दराज के मतदान केंद्र थे, जहां सड़क के रास्ते पहुंचना संभव नहीं था. ऐसे में मतदान कर्मचारियों को हेलीकॉप्टर से वहां पहुंचाया गया.
चुनाव अधिकारियों, सुरक्षा एजेंसियों और अलग-अलग सरकारी विभागों ने मिलकर चुनाव सामग्री पहुंचाने और मतदान केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम किया.
‘लेह एपेक्स बॉडी’ ने चुनाव पर जताई नाराजगी
एक तरफ जहां पंचायत और नगर परिषद चुनावों में लोगों ने हिस्सा लिया, वहीं दूसरी तरफ चुनावों को लेकर कुछ संगठनों ने सवाल भी उठाए.
‘लेह एपेक्स बॉडी’ ने चुनाव कराने के समय और तरीके पर चिंता जताई है. संगठन के चेयरमैन शेरिंग दोरजे लाक्रुक और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने कहा कि उन्हें पंचायत और नगर परिषद चुनावों से कोई खास परेशानी नहीं है. उनका विरोध 4 दिसंबर को होने वाले पर्वतीय परिषद चुनावों को लेकर है.
सोनम वांगचुक ने आरोप लगाया कि पर्वतीय परिषद के चुनाव क्षेत्रों का सही तरीके से बंटवारा नहीं किया गया है. इसके अलावा कुछ मतदान केंद्रों को भी दूसरी जगह भेजा गया है. उनके मुताबिक, इसी वजह से कई गांवों ने इन चुनावों का बहिष्कार किया है.
लद्दाख के लिए क्यों अहम हैं ये चुनाव?
अधिकारियों के मुताबिक, पंचायत और नगर परिषद चुनाव लद्दाख में स्थानीय स्तर पर चुनी हुई सरकार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं. इनके जरिए गांवों के विकास, सड़क, पानी और दूसरी जरूरी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को स्थानीय प्रतिनिधि उठा सकेंगे.
वहीं, आठ पर्वतीय परिषदों के चुनाव में कुल 266 उम्मीदवार मैदान में हैं. इन परिषदों की 100 सीटों में से 36 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रखी गई हैं.
सुबह 8 बजे शुरू हुआ मतदान
लद्दाख में मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ और शाम 5 बजे शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हुआ. शहरों से लेकर दूर-दराज के सीमावर्ती गांवों तक लोगों ने वोट डाले.
भारत के सबसे उत्तरी गांवों में शामिल तुर्तुक में भी मतदाताओं ने उत्साह दिखाया. यहां के निवासी नियाज महा ने कहा कि वोट डालना और अपने इलाके के प्रतिनिधियों को चुनना हर नागरिक के लिए महत्वपूर्ण है.



