महाराष्ट्र के हिंगोली से एक दुखद खबर सामने आई है. राज्यसभा सांसद रामराव वडकुटे का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है. सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें दिल्ली के AIIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वहां इलाज के दौरान उन्होंने आखिरी सांस ली.
बीजेपी ने करीब आठ महीने पहले ही उन्हें राज्यसभा भेजा था. रामराव वडकुटे को एक शांत स्वभाव और साफ छवि वाले नेता के रूप में जाना जाता था. उनके निधन से हिंगोली समेत पूरे राजनीतिक जगत में शोक का माहौल है.
कैसा रहा रामराव वडकुटे का राजनीतिक सफर?
रामराव वडकुटे पहले ‘शेली-मेंढी महासंघ’ यानी बकरी और भेड़ पालने वाले लोगों के संगठन के अध्यक्ष रह चुके थे. इसके बाद वे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) से जुड़े और महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य बने.
अक्टूबर 2019 में उन्होंने NCP से इस्तीफा दे दिया और बीजेपी में शामिल हो गए. बीजेपी में आने के बाद साल 2021 में उन्हें हिंगोली जिले का पार्टी अध्यक्ष बनाया गया. इसके अलावा उन्होंने पार्टी में कई अहम जिम्मेदारियां भी निभाईं.
बीजेपी में निभाईं कई अहम जिम्मेदारियां
रामराव वडकुटे बीजेपी के चुनाव प्रमुख और हिंगोली लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी भी रह चुके थे. उन्हें धनगर समुदाय के प्रमुख नेताओं में गिना जाता था. पार्टी में उनकी पहचान एक जमीनी नेता के रूप में थी.
शरद पवार के साथ शुरू किया था राजनीतिक सफर
साल 1999 में जब शरद पवार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) बनाई थी, तब रामराव वडकुटे भी पार्टी से जुड़ गए थे. वे पिछड़े वर्ग (OBC) से आने वाले उन जमीनी कार्यकर्ताओं में शामिल थे, जिन्होंने शुरुआती दौर में पार्टी को मजबूत करने का काम किया.
पार्टी में वे पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सूर्यकांता पाटिल के करीबी माने जाते थे. साल 2004 में NCP ने उन्हें कलमनुरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का मौका दिया, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा.
धनगर-हटकर समुदाय में उनकी अच्छी पकड़ को देखते हुए पार्टी ने उन्हें कई दूसरी जिम्मेदारियां भी सौंपीं. हालांकि, वे अपने लिए कोई मजबूत चुनावी क्षेत्र नहीं बना सके. साल 2009 में राजीव सातव की वजह से उन्हें चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिला. इसके बाद NCP ने 2004 में उन्हें विधान परिषद का सदस्य बनाया था.



