Loading...
Wed. Jul 8th, 2026

 रोहिणी सेक्टर-16 स्थित जी-4 पॉकेट में सोमवार को निर्माणाधीन इमारत के भरभराकर गिरने के बाद जो मंजर सामने आया, उसने हर किसी का दिल दहला दिया। हादसे के दौरान कई मजदूर मलबे में दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और मलबे में फंसे लोगों को निकालने का अभियान शुरू किया। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

NDRF की टीमों ने बिना समय गंवाए मोर्चा संभाल लिया।

दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और NDRF की टीमों ने बिना समय गंवाए मोर्चा संभाल लिया। इस बीच घटनास्थल से सामने आए एक वीडियो ने हर किसी को भावुक कर दिया। मलबे के नीचे फंसे एक शख्स से रेस्क्यू टीम का जवान लगातार बात करता सुनाई देता है। वह पूछता है, ‘हम ऊपर से मलबा हटा रहे हैं… आपको कोई दिक्कत तो नहीं हो रही?’ फिर तुरंत हौसला देते हुए कहता है, ‘घबराना मत… सबको बचा लेंगे।’ यह शब्द सिर्फ एक बातचीत नहीं थे, बल्कि मलबे के अंधेरे में फंसी जिंदगी के लिए उम्मीद की सबसे मजबूत किरण बन गए

भारी मशीनों से मलबा हटाया जा रहा था

रेस्क्यू ऑपरेशन आसान नहीं था। एक तरफ भारी मशीनों से मलबा हटाया जा रहा था, तो दूसरी ओर इस बात का पूरा ध्यान रखा जा रहा था कि नीचे फंसे लोगों को कोई नुकसान न पहुंचे। इसलिए कई जगह मशीनों की रफ्तार धीमी कर जवान हाथों से मलबा हटाते नजर आए। हर पत्थर हटने के साथ उम्मीद बढ़ती और हर आवाज पर रेस्क्यू टीम सतर्क हो जाती। मौके पर मौजूद लोग भी सांस रोककर अभियान को देखते रहे।

सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल उठे

इस हादसे ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस, दमकल और NDRF की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं। मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *