देश के कई राज्यों में लगातार भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 7 दिनों के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
लगातार बारिश की वजह से कई जगहों पर सड़कें जलमग्न हो गई हैं और यातायात प्रभावित हुआ है। वहीं, दिल्ली के कई इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी है।
दिल्ली में बारिश का रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने दिल्ली में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने भारी बारिश, गरज-चमक के साथ तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। मंगलवार से दिल्ली में बुधवार रात बारिश का दौर जारी रहा, जिससे शहर भर में कई सड़कें जलमग्न हो गईं। दिल्ली के विकास मार्ग, मुनीरका, द्वारका, गीता कॉलोनी, सदर बाजार, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और पूर्वी दिल्ली में जलभराव हुआ।
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया, इनमें से 27 जिलों में रेड अलर्ट है। गुरुवार सुबह नोएडा, गाजियाबाद समेत 50 जिलों में बारिश हो रही है। नोएडा में बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया, तो वहीं गाजियाबाद में सड़क धंस गई। वहीं बुलंदशहर में दुकानों और घरों में पानी घुस गया।
मध्यप्रदेश में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का कहर जारी है। मौसम विभाग ने कई जिलों में अति भारी बारिश के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक बारिश खजुराहो और मंडला में दर्ज की गई है। खजुराहो में लगभग 4।4 इंच और मंडला में 4।2 इंच बारिश हुई है। इसके अलावा भिंड में 134 मिमी रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई।
