Mon. Aug 10th, 2026

झारखंड में छात्र आज निकालेंगे विधानसभा मार्च

रांची में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्र संगठन सोमवार, 10 अगस्त को झारखंड विधानसभा तक मार्च निकालेंगे। छात्रों को सुबह 10 बजे से पहले पुरानी विधानसभा के गेट के पास पहुंचने को कहा गया है।

बताया जा रहा है कि सभी छात्र पहले पुरानी विधानसभा के पास जमा होंगे। इसके बाद सुबह करीब 11 बजे वहां से नई विधानसभा की ओर पैदल मार्च किया जाएगा।

पूरे रास्ते पर पुलिस की तैनाती

पुरानी विधानसभा से नई विधानसभा की दूरी करीब 4 किलोमीटर है। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए पूरे रास्ते पर पुलिस बल तैनात किया है।

जगन्नाथ मंदिर चौक के पास बैरिकेडिंग की जाएगी और छात्रों को इसके आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। पुरानी विधानसभा से जगन्नाथ मंदिर चौक की दूरी करीब 2 किलोमीटर है।

सरकार की ओर से बनाई गई समिति ने कहा है कि मार्च के दौरान सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा और किसी भी छात्र के साथ गलत व्यवहार नहीं होने दिया जाएगा।

4 IPS और 10 DSP समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 4 IPS अधिकारियों और 10 DSP की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा 24 इंस्पेक्टर, 100 दारोगा और करीब 700 पुलिसकर्मी पूरे रूट और विधानसभा परिसर में तैनात रहेंगे।

प्रशासन CCTV कैमरों के साथ ड्रोन से भी पूरे इलाके की निगरानी करेगा। छात्र आंदोलन और विधानसभा मार्च को देखते हुए रांची जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।

BNS की धारा 163 लागू

रांची जिला प्रशासन ने नए विधानसभा परिसर के 750 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 163 लागू कर दी है. इसके तहत निर्धारित प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन, जुलूस, रैली या बिना अनुमति के 5 से अधिक लोगों के जमा होने पर पूरी रोक लगा दी गई है. रांची में छात्रों का आंदोलन शनिवार (9 अगस्त) को 16वें दिन भी जारी रहा.

बीजेपी ने मार्च का किया समर्थन

बता दें कि जेपीएससी, JSSC CGL और विभिन्न परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर विधानसभा मार्च का आह्वान किया गया है. JPSC-JSSC अभ्यर्थी रिफॉर्म मंच, न्याय मंच समेत विभिन्न छात्र संगठनों द्वारा मार्च का आह्वान किया गया है. उधर, बीजेपी ने इस मार्च को समर्थन देने का ऐलान किया है.

यह भी पढ़े- क्या सावन में बाल, दाढ़ी और नाखून काटना होता है अशुभ? जानें धार्मिक मान्यता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *