एथेंस में धमाके से गिरी बिल्डिंग, 6 की मौत
ग्रीस की राजधानी एथेंस के ऐतिहासिक इलाके प्लाका में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। प्राचीन एक्रोपोलिस के पास एक इमारत में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद पूरी बिल्डिंग ढह गई। हादसे में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में 4 अमेरिकी नागरिक भी शामिल हैं।
फायर ब्रिगेड और सुरक्षा टीमों ने मलबे से अब तक छह शव बरामद किए हैं। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। हादसे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। अधिकारी धमाके के कारणों की जांच कर रहे हैं।
एथेंस में हुए धमाके में ब्रिटिश दंपती की भी मौत
मृतकों में इमारत की ऊपरी मंजिल के एक फ्लैट में रहने वाला 77 वर्षीय ब्रिटिश व्यक्ति और उनकी 78 वर्षीय ग्रीक पत्नी भी शामिल हैं। दोनों की हादसे में मौत हो गई।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
एथेंस के वाइस-मेयर पेरिस चारलाफ्तिस ने बताया कि सभी बरामद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रशासन का मुख्य ध्यान हादसे की वजह पता लगाने पर है। जांच की जा रही है कि आखिर किस कारण से धमाके के बाद पूरी इमारत ढह गई।
एथेंस में मलबे में तलाश जारी
रेस्क्यू टीम मलबे को हटाने का काम लगातार कर रही है। किसी जीवित व्यक्ति या शव का पता लगाने के लिए थर्मल कैमरे और जियोफोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। मलबा हटाने के लिए भारी मशीनें लगाई गई हैं और स्निफर डॉग की भी मदद ली जा रही है।
अमेरिका जाने वाले थे 4 लोग
पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले 4 अमेरिकी नागरिक इमारत की पहली मंजिल पर किराए के फ्लैट में रह रहे थे। बताया गया है कि वे कुछ ही घंटों बाद अमेरिका के लिए रवाना होने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही धमाके और इमारत गिरने की घटना में उनकी मौत हो गई।



