मशहूर सिंगर शिल्पा राव एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में मुंबई में आयोजित एक म्यूजिक इवेंट में परफॉर्मेंस के दौरान कथित तौर पर उनका माइक बंद कर दिया गया। इस वजह से वह अपने फैंस को ठीक से अलविदा भी नहीं कह पाईं। बताया जा रहा है कि उन्हें अपनी परफॉर्मेंस पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय नहीं दिया गया, जबकि दर्शक लगातार उनका नाम पुकार रहे थे।
इस घटना से शिल्पा राव काफी निराश हुईं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर कर अपनी भावनाएं जाहिर कीं। आइए जानते हैं कि उन्होंने अपने पोस्ट में क्या कहा।
‘आज रात हमारी कहानी अधूरी रह गई’
शिल्पा राव ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने लिखा, “मुंबई, आज रात मेरे दिल का एक छोटा-सा हिस्सा टूट गया। इतनी खूबसूरत चीज को इस तरह हमसे छीन लिए जाने का दर्द बहुत गहरा है। लेकिन जब म्यूजिक बंद हो गया, तब भी आप नहीं रुके। जिस तरह आप मेरा नाम पुकारते रहे, आपकी आवाज में जो प्यार था, मैं उसे महसूस कर सकती थी। आज रात हमारी कहानी अधूरी रह गई। मैं वादा करती हूं कि वापस आऊंगी। मैं आपसे प्यार करती हूं, मुंबई। हमेशा और हमेशा के लिए। शिल्पा।”
इस पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “मुंबई, मैं आपसे प्यार करती हूं।”
परफॉर्मेंस के दौरान कथित तौर पर बंद किया गया माइक
दीपक चौधरी द्वारा आयोजित इस म्यूजिक इवेंट में कई सिंगर्स ने परफॉर्मेंस दी। इसी दौरान शिल्पा राव भी स्टेज पर पहुंचीं। बताया जा रहा है कि जब वह अपनी परफॉर्मेंस खत्म करने के बाद फैंस से बात करना और उन्हें अलविदा कहना चाहती थीं, तभी कथित तौर पर उनका माइक बंद कर दिया गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इवेंट में दूसरे पुरुष सिंगर्स को परफॉर्मेंस के लिए अतिरिक्त समय दिया गया, लेकिन शिल्पा को अपना एक्ट पूरा करने का मौका नहीं मिला।
फैंस लगातार पुकारते रहे शिल्पा राव का नाम
इस घटना के दौरान फैंस ने शिल्पा राव का पूरा समर्थन किया। माइक बंद होने के बावजूद दर्शक लगातार उनका नाम पुकारते रहे और हूटिंग करके उनका हौसला बढ़ाते रहे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, शिल्पा करीब 15 से 20 मिनट तक स्टेज पर रहीं। इस दौरान वह माइक और स्टेज की लाइटें दोबारा चालू होने का इंतजार करती रहीं। हालांकि, उन्हें अपने फैंस से उस तरह विदा लेने का मौका नहीं मिला, जैसा वह चाहती थीं।
कौन हैं शिल्पा राव?
शिल्पा राव बॉलीवुड की मशहूर सिंगर्स में से एक हैं। उन्होंने कई हिट गानों को अपनी आवाज दी है। इनमें ‘खुदा जाने’, ‘इश्क शावा’, ‘मनमर्जियां’, ‘बुल्लेया’, ‘घुंघरू’, ‘चुट्टमल्ले’ और ‘आज की रात’ जैसे गाने शामिल हैं।
फिल्म ‘बचना ऐ हसीनों’ के गाने ‘खुदा जाने’ से उन्हें खास पहचान मिली थी। इसके बाद फिल्म ‘वॉर’ के गाने ‘घुंघरू’ और ‘स्त्री 2’ के गाने ‘आज की रात’ को भी काफी लोकप्रियता मिली।
अपनी सुरीली आवाज और अलग अंदाज के लिए मशहूर शिल्पा राव ने हिंदी के अलावा तेलुगु समेत कई भाषाओं में भी गाने गाए हैं।


