तेहरान: ईरान में एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। तेहरान की सेपेहरान एयरलाइंस के Boeing 737 विमान ने मशहद एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी, लेकिन टेक-ऑफ के कुछ ही देर बाद विमान को वापस एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा।
बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान विमान का एक टायर अलग हो गया। इसके बाद इंजन में भी खराबी आ गई और विमान जोर-जोर से कांपने लगा। पायलटों ने स्थिति को देखते हुए विमान को वापस मशहद एयरपोर्ट ले जाने का फैसला किया।
विमान में मची अफरा-तफरी
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, विमान का टायर अलग होने से पहले फट गया था। इसके बाद इंजन में खराबी आने पर विमान में तेज कंपन होने लगा।
विमान के अंदर बैठे यात्री घबरा गए। तेज झटकों के कारण विमान की छत का कुछ हिस्सा टूटकर नीचे गिरने लगा। घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं।
मशहद से केरमानशाह जा रहा था विमान
यह विमान उत्तर-पूर्वी ईरान के मशहद से केरमानशाह के लिए रवाना हुआ था। टेक-ऑफ के तुरंत बाद पायलटों को विमान में तकनीकी समस्या का पता चला।
टायर अलग होने के बाद पायलटों ने यात्रियों को तकनीकी खराबी की जानकारी दी। इसके बाद विमान को वापस मशहद एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया और सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
सभी यात्री और क्रू सुरक्षित
हादसे के दौरान विमान में सवार किसी भी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की खबर नहीं है। सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
तेज झटकों की वजह से विमान के अंदर सामान रखने वाले कुछ बॉक्स खुल गए थे। हालांकि, इस घटना को लेकर अभी तक एयरपोर्ट अथॉरिटी या एयरलाइन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
यह भी पढ़े- Oracle में फिर बड़ी छंटनी, कई कर्मचारियों की नौकरी गई; भारत में हजारों पर असर की आशंका



