भारत में प्रीपेड मोबाइल इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए राहत की खबर सामने आई है। आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने मोबाइल रिचार्ज से जुड़े बदलावों की जानकारी दी है। उनके मुताबिक, टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन रेगुलेशन में बदलाव के बाद ग्राहकों को 30 दिन की वैलिडिटी वाले रिचार्ज प्लान के साथ कई नए विकल्प मिलेंगे।
30 दिन की वैलिडिटी वाला रिचार्ज
राघव चड्ढा के मुताबिक, मोबाइल यूजर्स को 30 दिन की वैलिडिटी वाले रिचार्ज का विकल्प मिलेगा। इससे ग्राहकों को साल में बार-बार रिचार्ज कराने की परेशानी कम हो सकती है। उन्होंने कहा कि इससे साल में 13 बार की जगह 12 बार मासिक रिचार्ज कराने की जरूरत पड़ेगी।
डेटा नहीं चाहिए तो मिलेगा वॉइस और SMS का विकल्प
ऐसे ग्राहक जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की जरूरत नहीं होती, उनके लिए वॉइस और SMS वाले प्लान का विकल्प भी उपलब्ध होगा। इसका फायदा खासतौर पर उन लोगों को हो सकता है जो फोन का इस्तेमाल मुख्य रूप से कॉल करने और कॉल रिसीव करने के लिए करते हैं।
वरिष्ठ नागरिकों और कम बजट वाले ग्राहकों के लिए भी ऐसे प्लान उपयोगी हो सकते हैं। इससे उन्हें ऐसी सेवाओं के लिए पैसे खर्च नहीं करने पड़ेंगे जिनका वे इस्तेमाल नहीं करते।
राघव चड्ढा ने संसद में उठाया था मुद्दा
राघव चड्ढा ने बताया कि कई मोबाइल यूजर्स ने सीमित रिचार्ज विकल्पों को लेकर उनसे अपनी परेशानी साझा की थी। इसके बाद उन्होंने 11 मार्च को संसद में यह मुद्दा उठाया और ग्राहकों के लिए ज्यादा विकल्प तथा किफायती रिचार्ज प्लान उपलब्ध कराने की मांग की थी।
उन्होंने कहा कि ग्राहकों को ज्यादा विकल्प और सुविधा देने की दिशा में कदम उठाए जाने पर वह भारत सरकार और TRAI के आभारी हैं।
वॉइस-ओनली प्लान से किसे होगा फायदा?
राघव चड्ढा के मुताबिक, बड़ी संख्या में ऐसे ग्राहक हैं जिन्हें मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं होती। वे केवल इनकमिंग और आउटगोइंग कॉल की सुविधा चाहते हैं। ऐसे ग्राहकों के लिए वॉइस-ओनली प्लान फायदेमंद हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ग्राहक को जिस सेवा की जरूरत है, उसी के हिसाब से भुगतान करने का विकल्प मिलना चाहिए। खासतौर पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह सुविधा उपयोगी हो सकती है।
राघव चड्ढा ने इन बदलावों का स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने जनता की मांग संसद में रखी थी और लोगों ने भी इस मुद्दे का समर्थन किया। उन्होंने इसे जनता से जुड़े मुद्दों को संसद में उठाने और उनका समाधान निकालने का उदाहरण बताया।
यह भी पढ़े- दिल्ली में रामलीला, दुर्गा पूजा और छठ की तैयारी तेज, सरकार ने बनाई 3 विशेष समितियां



