सफदरजंग अस्पताल में भर्ती जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सोनम वांगचुक की तबीयत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चारु बंबा ने बताया कि अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी सोनम वांगचुक अपना उपवास जारी रखे हुए हैं।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, डॉक्टर लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रहे हैं और जरूरत के मुताबिक इलाज दिया जा रहा है।
रविवार को जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया गया कि सोनम वांगचुक की नाड़ी, ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन स्तर सामान्य है। हालांकि, खून से जुड़ी कुछ जांच रिपोर्ट अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हैं। लंबे समय से उपवास करने की वजह से उनके स्वास्थ्य पर असर पड़ा है।
विशेषज्ञ कर रहे लगातार निगरानी
डॉ. बंबा ने बताया कि वीएमएमसी एवं सफदरजंग अस्पताल और एम्स के विशेषज्ञों की संयुक्त टीम चौबीस घंटे उनके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए है। यदि स्वास्थ्य में किसी तरह की जटिलता आती है तो तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
जरूरत के अनुसार दिया जा रहा उपचार
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सोनम वांगचुक की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और उनकी जरूरत के अनुसार हर जरूरी चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
