गोवा घूमने जाने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर है. अब यहां पर्यटक दिन हो या रात, किसी भी समय दुकानों और शॉपिंग मॉल में खरीदारी कर सकेंगे. गोवा सरकार ने राज्य की दुकानों, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और मॉल को 24 घंटे खुला रखने की अनुमति दे दी है. सरकार का यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और अगले तीन साल तक जारी रहेगा.
क्या शराब की दुकानें भी रातभर खुलेंगी?
गोवा सरकार ने सामान्य दुकानों और शॉपिंग मॉल को 24 घंटे खोलने की छूट दी है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि शराब की सभी दुकानें भी पूरी रात खुली रहेंगी. शराब की बिक्री के लिए आबकारी विभाग के नियम और तय समय का पालन करना जरूरी होगा.
हालांकि, एयरपोर्ट पर मौजूद लाइसेंस प्राप्त शराब की दुकानें 24 घंटे खुली रह सकेंगी. इसके अलावा बड़े होटलों के बार और रूम सर्विस के जरिए भी मेहमानों को देर रात तक शराब मिल सकती है. लेकिन सामान्य शराब की दुकानों को पूरी रात शराब बेचने की अनुमति नहीं दी गई है.
दुकानदारों और कर्मचारियों को मानने होंगे ये नियम
सरकार ने दुकानों और मॉल को 24 घंटे खोलने की अनुमति दी है, लेकिन कर्मचारियों की सुविधा का भी ध्यान रखा है. इसके लिए कुछ नियम बनाए गए हैं.
- कर्मचारियों से रोजाना 8 घंटे से ज्यादा काम नहीं कराया जा सकेगा.
- एक सप्ताह में काम का समय 48 घंटे से अधिक नहीं होना चाहिए.
- कर्मचारियों के ब्रेक और साप्ताहिक छुट्टी की जानकारी देनी होगी.
- दुकानों और मॉल में साफ-सफाई, रोशनी और हवा की अच्छी व्यवस्था रखनी होगी.
- 10 से कम कर्मचारी रखने वाले कारोबारियों को भी अपना कारोबार शुरू करने और बंद करने की जानकारी ऑनलाइन देनी होगी.
सरकार ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.
सरकार ने क्यों लिया यह फैसला?
गोवा सरकार के इस फैसले का मुख्य उद्देश्य पर्यटन और कारोबार को बढ़ावा देना है. गोवा में हर साल बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक घूमने आते हैं. ऐसे में 24 घंटे दुकानें और मॉल खुले रहने से पर्यटकों को देर रात या सुबह भी खरीदारी करने की सुविधा मिलेगी.
सरकार को उम्मीद है कि इस फैसले से पर्यटन कारोबार को फायदा होगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं.



