प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को विजयादशमी के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि यह त्योहार सभी के जीवन में नई ऊर्जा, विश्वास और सफलता लेकर आए। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भगवान श्रीराम की स्तुति भी की।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में लिखा, “आप सभी को विजयादशमी की अनंत शुभकामनाएं। उल्लास और विश्वास का यह विजय पर्व हर किसी के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करे। सभी का जीवन सुख-सौभाग्य और सफलता से समृद्ध हो, यही कामना है।”
राजनाथ सिंह ने बताया बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि विजयादशमी हमारी आस्था, सभ्यता और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण उत्सव है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए। साथ ही, समाज में आपसी भाईचारा और सद्भाव बढ़े।
योगी आदित्यनाथ ने भी दी विजयादशमी की बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी विजयादशमी के अवसर पर प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों को याद करने का संदेश दिया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह पर्व लोगों को अहंकार और नकारात्मकता छोड़कर सत्य, अच्छे आचरण और जनकल्याण के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने भगवान श्रीराम से सभी के जीवन में सुख, शांति और मंगल की कामना की। अपने संदेश के अंत में उन्होंने ‘जय श्रीराम’ भी लिखा।
विजयादशमी का त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है। इस दिन देशभर में रावण दहन किया जाता है और भगवान श्रीराम के आदर्शों को याद किया जाता है।



