कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 26 नवंबर 2026 को महाराष्ट्र के नागपुर में एक रैली आयोजित करने का ऐलान किया है. यह रैली संविधान दिवस के मौके पर होगी. दीपके ने लोगों से लोकतंत्र की रक्षा और संविधान के मूल्यों को बचाने के लिए एकजुट होने की अपील की है.
इस संबंध में उन्होंने सोमवार (23 नवंबर) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया. इसमें उन्होंने लोगों से 26 नवंबर को नागपुर पहुंचने की अपील की.
अभिजीत दीपके ने अपनी पोस्ट में लिखा कि इस संविधान दिवस पर सभी लोगों को एक साथ आकर लोकतंत्र की रक्षा करने और संविधान के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए. उन्होंने लोगों से बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के दिखाए रास्ते पर चलने की भी अपील की.
कहां और कब होगी रैली?
CJP संस्थापक ने एक्स पर रैली का एक पोस्टर भी शेयर किया है. पोस्टर के मुताबिक, यह रैली गुरुवार (26 नवंबर) को महाराष्ट्र के नागपुर स्थित संविधान चौक पर आयोजित होगी. रैली का समय शाम 4 बजे रखा गया है.
पोस्टर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर के साथ तिरंगे की छवि भी दिखाई गई है. इस पर ‘लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ’ का नारा लिखा गया है.
गोवा में भी सरकार पर साधा था निशाना
नागपुर रैली के ऐलान से एक दिन पहले यानी रविवार (22 नवंबर) को अभिजीत दीपके ने गोवा की राजधानी पणजी में एक सभा को संबोधित किया था.
इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा. दीपके ने सरकार पर वोट चोरी का आरोप लगाया. साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार आम लोगों से जुड़े जरूरी मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए धार्मिक आधार पर लोगों के बीच बंटवारा बढ़ा रही है.
अब संविधान दिवस पर नागपुर में होने वाली इस रैली के जरिए अभिजीत दीपके लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का मुद्दा उठाने की तैयारी में हैं.



