सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड के पास मंगलवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ। यहां सर्बियाई वायुसेना का MiG-29 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान के पायलट की मौत हो गई। यह दुर्घटना बेलग्रेड से करीब 45 किलोमीटर दूर नोवा पाजोवा और स्टारा पाजोवा कस्बों के बीच एक खेत में हुई। सर्बिया के सरकारी रेडियो और टेलीविजन ने भी इस हादसे की पुष्टि की है।
हादसे की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर पुलिस और एंबुलेंस की टीमें तैनात की गईं। फिलहाल विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की वजह सामने नहीं आई है। अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
जांच के लिए बनाई जाएगी विशेष कमेटी
स्थानीय मीडिया ने हादसे की कुछ तस्वीरें जारी की हैं। इनमें खेत में विमान का जलता हुआ मलबा दिखाई दे रहा है। घटनास्थल के पास पुलिस की गाड़ियां और एंबुलेंस भी नजर आ रही हैं।
सर्बिया के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस हादसे में जान गंवाने वाले पायलट का नाम मेजर गोरान बुलाजिक था। उनका जन्म 1973 में हुआ था और उन्होंने 1996 में सेना में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। दुर्घटना की असली वजह जानने के लिए एक विशेष जांच कमेटी बनाई जाएगी।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2006 में आजादी मिलने के बाद से सर्बिया की सेना के 14 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। इनमें 12 हवाई जहाज और दो हेलीकॉप्टर शामिल हैं। इन हादसों में अब तक कुल 17 लोगों की जान जा चुकी है।
पुराने MiG-29 विमानों की जगह लेंगे राफेल फाइटर जेट
सर्बिया की वायुसेना के पास फिलहाल 14 MiG-29 लड़ाकू विमान हैं। ये विमान 1987 से 1991 के बीच बनाए गए थे और अब काफी पुराने हो चुके हैं।
इसी वजह से सर्बिया अपने पुराने लड़ाकू विमानों को बदलने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए उसने 2024 में फ्रांस से 12 राफेल F4 लड़ाकू विमान खरीदने का समझौता किया था। इस सौदे की कीमत करीब 2.7 अरब यूरो बताई गई है। इन विमानों की डिलीवरी 2028 से शुरू होने की उम्मीद है।



