भारतीय क्रिकेट के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को महज 15 साल की उम्र में बिहार की टी20 टीम का कप्तान बना दिया गया है। शुक्रवार (6 नवंबर) को बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने आगामी 2026-27 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए टीम का ऐलान किया। इस टीम की कप्तानी वैभव सूर्यवंशी को सौंपी गई है, जबकि सूरज कश्यप को उपकप्तान बनाया गया है।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी की शुरुआत 14 नवंबर से होने जा रही है। बिहार की टीम अपने शुरुआती दो मुकाबलों में सौराष्ट्र और रेलवे के खिलाफ खेलेगी। रेलवे के खिलाफ बिहार का मुकाबला 16 नवंबर को होगा।
17 खिलाड़ियों की टीम का हुआ ऐलान
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने शुरुआती दो मैचों के लिए 17 खिलाड़ियों की मुख्य टीम चुनी है। इसके अलावा 16 खिलाड़ियों को स्टैंडबाय में रखा गया है। वहीं, मंगल महौर और शाकिब हुसैन का टीम में खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा।
बिहार क्रिकेट अध्यक्ष ने वैभव की तारीफ की
बिहार क्रिकेट के अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने वैभव सूर्यवंशी को कप्तान बनाए जाने पर खुशी जताई है। IANS के मुताबिक, उन्होंने कहा कि वैभव ने इतनी कम उम्र में अपनी शानदार प्रतिभा, आत्मविश्वास और समझदारी से सभी को प्रभावित किया है।
उन्होंने आगे कहा कि कप्तानी मिलने से वैभव को एक खिलाड़ी के साथ-साथ लीडर के रूप में भी आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। उन्हें उम्मीद है कि वैभव की कप्तानी में बिहार की टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए बिहार की टीम
मुख्य टीम (शुरुआती दो मैच):
वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), सूरज कश्यप (उपकप्तान), आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेटकीपर), अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेटकीपर), ऋत्विक राज, मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, अमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह।
फिटनेस के आधार पर चयन:
मंगल महौर और शाकिब हुसैन।
स्टैंडबाय खिलाड़ी:
बिपिन सौरभ, सुमन कुमार, आकाश राज, खालिद आलम, भास्कर दुबे, कुमार रजनीश, सुयश, अभिजीत साकेत, यशस्वी ऋषभ, लखन राजा, पवन कुमार, अमित चौधरी, पीयूष सिंह, भानु कुमार, लोकेश बाबूलाल कुमार और प्रशांत श्रीवास्तव।
अब सभी की नजरें वैभव सूर्यवंशी पर होंगी। इतनी कम उम्र में कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि वह अपनी टीम को टूर्नामेंट में कितनी सफलता दिला पाते हैं।



