केंद्र सरकार ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में दोनों राज्यों के लिए कुल 14,115 करोड़ रुपये की लागत वाले सड़क विकास परियोजनाओं को मंजूरी दे दी गई। इन परियोजनाओं का उद्देश्य सड़क संपर्क को बेहतर बनाना, यात्रा का समय कम करना और क्षेत्रीय विकास को गति देना है।
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि NH-148AE के लिए 6-लेन वाली सड़क सुरंग के निर्माण को मंजूरी दी गई है। यह सुरंग दिल्ली से द्वारका एक्सप्रेस-वे को वसंत कुंज के नेल्सन मंडेला मार्ग से जोड़ेगी। 8.1 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट को कुल 6,969.67 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा।
यूपी को मिला 7,145.14 करोड़ की सौगात
प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश में NH-34 के कानपुर-काबराई सेक्शन के निर्माण को भी मंजूरी दी। यह 117.7 किलोमीटर लंबा 4/6 लेन वाला एक्सेस-कंट्रोल्ड सेक्शन होगा। इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 7,145.14 करोड़ रुपए है।
