रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है। यह हमला तुर्की में होने वाले NATO शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले हुआ। इस अहम बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शामिल होने की उम्मीद है। हमले के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ये हमले बैलिस्टिक मिसाइल, ड्रोन और क्रूज मिसाइल से किए गए. हमले के दौरान सुबह-सुबह सेंट्रल कीव में धमाकों की आवाजें सुनी गईं. इस हमले में दो जिलों को भारी नुकसान पहुंचा है. धमाकों से कुछ देर पहले ही राजधानी कीव में एयर रेड सायरन चालू कर दिए गए थे. यह नया हमला यूक्रेन के प्रेसिडेंट जेलेंस्की की चेतावनी के बाद हुआ है जिसमें कहा गया था कि इंटेलिजेंस से पता चला है कि रूस एक नए बड़े हमले की तैयारी कर रहा है.
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक यह हमला पिछले गुरुवार को कीव पर रूस के एक बड़े हमले के बाद हुआ है, जिसमें कम से कम 30 लोग मारे गए थे. यह युद्ध शुरू होने के बाद से यूक्रेन की राजधानी पर तीसरा सबसे जानलेवा हमला है.
उधर, रूसी सेना ने यूक्रेन के पूर्वी डोनेट्स्क इलाके में और ज़्यादा इलाके पर कब्जा करने की कोशिशें तेज कर दी है, जो क्रेमलिन का एक मुख्य मकसद है. उधर, यूक्रेन ने भी रूसी इलाके के अंदर तेल रिफाइनरियों, बंदरगाहों और मिलिट्री फैक्ट्रियों समेत जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाकर मिसाइल और ड्रोन हमले बढ़ा दिए हैं.
