भारत और ऑस्ट्रेलिया ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए मिलकर एक नया रोडमैप तैयार किया है। इसका मकसद दोनों देशों के बीच खेल सहयोग बढ़ाना, खिलाड़ियों और कोचों को बेहतर अवसर देना और खेल संस्थानों के बीच साझेदारी मजबूत करना है।
यह रोडमैप साल 2023 में खेल सहयोग को लेकर हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के आधार पर तैयार किया गया है। इसके तहत दोनों देश एक-दूसरे के पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देंगे, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, कौशल विकास और खेल से जुड़ी नई तकनीकों को साझा करेंगे।
खेल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक मजबूत सेतु
खेल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में उभरा है, जो दोनों देशों के लोगों को जोड़ने के साथ सहयोग के नए अवसर भी प्रदान करता है. 2030 के अहमदाबाद राष्ट्रमंडल खेल, 2032 के ब्रिस्बेन ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों तथा भविष्य में भारत की मेजबानी की महत्वाकांक्षा को ध्यान में रखते हुए इस रोडमैप में साझा प्राथमिकताओं और संसाधनों के अनुरूप सहयोग के क्षेत्रों की पहचान की गई है.
दोनों देशों ने खेल प्रशासन और खेल पारिस्थितिकी तंत्र में मौजूद भिन्नताओं का सम्मान करते हुए खेल संगठनों, विश्वविद्यालयों, व्यवसायों, राज्य सरकारों और सामुदायिक समूहों के बीच सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है. रोडमैप का क्रियान्वयन उपलब्ध संसाधनों और प्रमुख खेल आयोजनों की समय-सीमा के अनुरूप किया जाएगा, जबकि प्रत्येक गतिविधि के लिए संसाधनों की जिम्मेदारी आपसी सहमति से तय होगी.
देशों के कोचों के आदान-प्रदान पर विशेष बल
रोडमैप में भारत में हाई-परफॉर्मेंस खेल केंद्रों की स्थापना, पैरा खेलों में सहयोग, कोच विकास कार्यक्रम और ‘ट्रेन द ट्रेनर’ मॉडल के जरिए दोनों देशों के कोचों के आदान-प्रदान पर विशेष बल दिया गया है. इसके अलावा शारीरिक शिक्षा आदान-प्रदान कार्यक्रम, ऑस्ट्रेलिया में योग के प्रचार-प्रसार, भारतीय कोचों के प्रशिक्षण तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया के हाई-परफॉर्मेंस कार्यक्रमों से जोड़ने की योजना भी शामिल है.
डोपिंग रोधी क्षमता निर्माण को भी बढ़ावा दिया जाएगा
खेल विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में दोनों देशों के विश्वविद्यालय खिलाड़ियों के प्रदर्शन विश्लेषण, चोटों की रोकथाम, खेल पोषण, वियरेबल टेक्नोलॉजी, रिकवरी तकनीक और पैरा खेलों पर संयुक्त अनुसंधान करेंगे. साथ ही संयुक्त खेल पाठ्यक्रम विकसित करने और स्पोर्ट इंटीग्रिटी ऑस्ट्रेलिया, नाडा तथा वाडा के माध्यम से डोपिंग रोधी क्षमता निर्माण को भी बढ़ावा दिया जाएगा.
प्रतिवर्ष BBL मैच कराने के प्रयासों को भी प्रोत्साहित किया गया
रोडमैप में प्रमुख खेल आयोजनों की मेजबानी से जुड़े अनुभव साझा करने, प्रदर्शनी मैचों और युवा प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा साझा प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास का प्रस्ताव है. इसमें ऑस्ट्रेलिया में कबड्डी और खो-खो तथा भारत में ऑस्ट्रेलियन फुटबॉल लीग (AFL) और बास्केटबॉल को बढ़ावा देने की बात कही गई है. साथ ही दिसंबर 2026 में चेन्नई में पहले बिग बैश लीग (BBL) मैच के आयोजन और भारत में प्रतिवर्ष BBL मैच कराने के प्रयासों को भी प्रोत्साहित किया गया है.
निवेश और महिला भागीदारी पर विषेश जोर
रोडमैप के तहत खेल उद्योग, खेल उपकरण निर्माण, मीडिया, प्रसारण, इवेंट प्रबंधन और स्टार्टअप्स में निवेश बढ़ाने के साथ भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों के बीच सहयोग को प्रोत्साहन दिया जाएगा. इसके अलावा महिलाओं के नेतृत्व, स्वास्थ्य, उच्च प्रदर्शन और खेलों में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए संयुक्त पहल और द्विपक्षीय प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी विशेष जोर दिया गया है.
