Sun. Jul 12th, 2026

हेरिटेज फूड्स की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नारा ब्राह्मणी ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें साल 2026 के लिए फॉर्च्यून इंडिया की 100 सबसे प्रभावशाली और शक्तिशाली महिलाओं की सूची में जगह मिली है।

यह सम्मान देश के कारोबार और नेतृत्व के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए दिया गया है। इस उपलब्धि के बाद नारा ब्राह्मणी को भारत की प्रमुख महिला बिजनेस लीडर्स में एक खास पहचान मिली है।

नारा ब्राह्मणी को फॉर्च्यून इंडिया के वार्षिक मोस्ट पावरफुल वुमेन (MPW) समिट में सम्मानित किया गया. इस दौरान उन्होंने रनिंग कंपनीज़ विद पर्पस सब्जेक्ट पर आयोजित चर्चा में हिस्सा लिया. उन्होंने भारत के डेयरी सेक्टर के भविष्य, किसानों की भूमिका और उद्योग के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार भी साझा किए.

बता दें कि यह सम्मान हेरिटेज फूड्स में उनके प्रभावी काम और डेयरी उद्योग को मजबूत बनाने के लिए किए गए कोशिशों को देखते हुए दिया गया है. नारा ब्राह्मणी ने किसानों की उत्पादकता बढ़ाने, पशुओं के स्वास्थ्य में सुधार लाने और डेयरी क्षेत्र में मांग और आपूर्ति के बीच मौजूद अंतर को कम करने के लिए कई पहल की हैं. उनके नेतृत्व में कंपनी ने डेयरी क्षेत्र में नई रणनीतियों और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा दिया है.

इस उपलब्धि पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने एक्स पर लिखा कि ब्राह्मणी को फॉर्च्यून इंडिया की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं 2026 में शामिल होने पर बहुत-बहुत बधाई. यह प्रतिष्ठित पहचान उनकी लीडरशिप, लगन और बेहतरीन काम के प्रति उनके कमिटमेंट को दिखाती है. वह हमारे परिवार को गर्व महसूस कराती रहती हैं और अनगिनत युवा महिलाओं, खासकर हमारी तेलुगु बेटियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं. उनके लिए और भी कई उपलब्धियां हासिल करने और उनकी सभी कोशिशों में लगातार सफलता की कामना करता हूं.

कौन हैं नारा ब्राह्मणी?

नारा ब्राह्मणी का जन्म 21 दिसंबर 1986 को हुआ था. उनका संबंध आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के एक प्रसिद्ध राजनीतिक और फिल्मी परिवार से है. उनका होमटाउन हैदराबाद, तेलंगाना है. नारा ब्राह्मणी ने अपनी उच्च शिक्षा विदेश में हासिल की है. उन्होंने सांता क्लारा यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री हासिल की. यह पढ़ाई उन्होंने साल 2007 से 2009 के बीच पूरी की. इसके बाद उन्होंने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस से साल 2011 से 2013 के बीच MBA की डिग्री हासिल की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *