मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग के लापालांग इलाके में शनिवार (11 जुलाई) को बड़ा हादसा हो गया। एक कुएं के अंदर दम घुटने से पांच लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।
स्थानीय पुलिस ने इस घटना के बारे में बताया कि मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं, जो निजी निर्माण स्थल पर कुएं में फंसे मजदूरों को बचाने के लिए उसमें उतरे थे.
पुलिस अधीक्षक ने दी घटना की विस्तृत जानकारी
एक रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विवेक सिएम ने इस घटना के बारे में विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह घटना शुक्रवार (10 जुलाई, 2026) की शाम करीब साढ़े सात बजे (7:30 बजे) रिनजाह थाना क्षेत्र के एक निजी निर्माण वाली जगह पर हुई.
उन्होंने बताया कि कुएं से पानी निकालने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे जनरेटर से निकले धुएं की वजह से कुएं के अंदर जाकर काम कर रहे चार मजदूरों का दम घुटने लगा. जिसके बाद एक मजदूर किसी तरह से कुएं से बाहर निकलने में सफल हो गया और उसके बाद उसने स्थानीय लोगों से मदद मांगी. इसके बाद घटनास्थल के पड़ोस में रहने वाले दो भाई कुएं में फंसे मजदूरों को बचाने के लिए नीचे उतरे, लेकिन इस बीच वे दोनों भी कुएं के भीतर भर चुके जहरीले धुएं की चपेट में आ गए और वहीं फंस गए.
कुएं से निकालकर पांचों को भेजा गया अस्पताल
एसपी विवेक सिएम ने आगे कहा कि बाद में मौके पर पहुंचे राज्य बचाव दल ने कुएं में फंसे तीन मजदूरों और दोनों भाइयों को बाहर निकाला और उन्हें तुरंत इलाज के लिए नॉर्थ ईस्टर्न इंदिरा गांधी रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड मेडिकल साइंसेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
उन्होंने कहा कि रिनजाह पुलिस थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है. पांचों लोगों के मौत के पीछे की सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल पाएगा. फिलहाल इस मामले में जांच जारी है.
