दिल्ली में मानसून के चलते यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। रविवार देर शाम तक यमुना का जलस्तर 203 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 205.33 मीटर है। हरियाणा से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण जलस्तर और बढ़ने की संभावना है।
संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पूर्वी जिले के डीएम कार्यालय में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से यमुना के जलस्तर पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
कंट्रोलरूम पूरी तरह से चालू
कंट्रोलरूम के नोडल अफसर व विश्वास नगर के एसडीएम अमोद बड़थवाल ने कहा कि कंट्रोलरूम पूरी तरह से चालू है। दिल्ली पुलिस, जल बोर्ड, प्रशासन, निगम समेत अन्य विभागों के नोडल अधिकारियों को वाट्सएप पर एक ग्रुप बनाकर उसमें शामिल किया गया है। सभी विभागोंं के साथ कई बार बैठक हो चुकी है। हरियाणा की ओर से दिल्ली में अभी ज्यादा पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। खतरे के निशान से यमुना अभी बहुत नीचे बह रही है।
14 स्थानों पर मोटरबोट तैनात
एसडीएम ने कहा कि 14 स्थानों पर मोटरबोट तैनात की गई हैं। बाढ़ की स्थिति में अगर कोई व्यक्ति पानी में डूबता व फंसता है तो पास के जगह मोटरबोट भेजी जाएगी। गोताखारों को भी अलर्ट रखा गया है। लोगों से भी आह्वान किया जा रहा है कि वह यमुना के पास न जाएं, पानी अधिक होने से डूब सकते हैं। अधिकारी खुद भी गश्त कर रहे हैं।
