केंद्रीय मंत्री और एलजेपी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने सोनम वांगचुक को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक का सभी सम्मान करते हैं, लेकिन कुछ राजनीतिक दल उनके नाम का इस्तेमाल अपने राजनीतिक फायदे के लिए कर रहे हैं।
चिराग पासवान ने कहा कि जंतर-मंतर पर कुछ वामपंथी और अन्य दल, जिनका जनाधार कम हो गया है, सोनम वांगचुक को चेहरा बनाकर राजनीति कर रहे हैं। उनके अनुसार, ऐसा करना सही नहीं है।
उन्होंने NEET परीक्षा का भी जिक्र करते हुए कहा कि पेपर लीक की घटना के बाद दोबारा परीक्षा कराई गई और सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि ऐसी गलती फिर न हो। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और इस बात से सभी सहमत हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का एक सही और शांतिपूर्ण तरीका होना चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने कहा, “अगर कहीं पर कोई चूक हुई है तो आप सुझाव दिए उस पर भी काम किया जाएगा. जवाबदेही भी तय की जाएगी. आप प्रदर्शन करें, शांतिपूर्ण प्रदर्शन करें, सरकार तक अपनी बातों को भिजवाएं और हर चीज पर चर्चा और बातचीत हो सकती है.”
दूसरे राजनीतिक दल सोनम वांगचुक जी के चेहरे का कर रहे है इस्तेमाल
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने ये भी कहा, “एक परिदृष्य तैयार कर दबाव बनाना और उसमें ऐसे दलों का शामिल हो जाना जो कहीं न कहीं खुद हाशिए पर हैं, ये गलत है. जिस तरीके से दूसरे राजनीतिक दल सोनम वांगचुक जी के चेहरे का इस्तेमाल कर अपनी राजनीति साधने का प्रयास कर रहे हैं, ये गलत है.”
बिहार के नेता प्रतिपक्ष को बिहार की चिंता नहीं है
वहीं, बांकीपुर उपचुनाव पर उन्होंने कहा, “आरजेडी के लोग कहां हैं? मुझे तो ताज्जुब होता है कि विपक्ष के पास ये अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने का एक मौका है लेकिन बिहार के नेता प्रतिपक्ष को बिहार की चिंता नहीं है. मैं तो मानता ही नहीं कि आरजेडी वहां पर है क्योंकि जब उनके नेता को ही चिंता नहीं है, वो स्वयं यहां से गायब है, नेता प्रतिपक्ष कोई मजाक नहीं है.”
