पाकिस्तान पहली बार मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में आधिकारिक रूप से हिस्सा लेने जा रहा है। 24 वर्षीय अनिका जमाल को ‘मिस वर्ल्ड पाकिस्तान 2026’ का ताज पहनाया गया है और वह वियतनाम में होने वाले मिस वर्ल्ड के 75वें एनिवर्सरी एडिशन में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगी।
यह 73 साल के मिस वर्ल्ड इतिहास में पहली बार होगा, जब पाकिस्तान की कोई प्रतियोगी इस अंतरराष्ट्रीय ब्यूटी पेजेंट में आधिकारिक तौर पर हिस्सा लेगी।
हालांकि, पाकिस्तान में महिलाओं के लिए मॉडलिंग और ब्यूटी पेजेंट में भाग लेना आसान नहीं माना जाता। देश के कुछ कट्टरपंथी इस्लामिक संगठन ऐसे आयोजनों का विरोध करते रहे हैं। ऐसे में अनिका की इस प्रतियोगिता में भागीदारी को लेकर भी विरोध की संभावना जताई जा रही है।
अनीका अभी अकाउंटिंग और ऑडिटिंग में मास्टर्स डिग्री कर रही हैं लेकिन इंटरनेशनल पेजेंट सर्किट से अनजान नहीं हैं। वह पहले भी ‘मिस अर्थ’, ‘मिस ग्लोबल’, ‘मिस कॉस्मो’, ‘मिस इको इंटरनेशनल’ और ‘मिस ऑरा इंटरनेशनल’ में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उनको अंतरराष्ट्रीय पहचान कोसोवो में ‘मिस फ्रीडम ऑफ द वर्ल्ड’ प्रतियोगिता में चार खिताब जीतने के बाद मिली थी।
अनिका का कहना है कि वह इस मंच का इस्तेमाल सामाजिक मुद्दों के लिए करना चाहती हैं। मिस वर्ल्ड की ब्यूटी विद ए पर्पस पहल के तहत उनका अभियान पाकिस्तान में थैलेसीमिया से पीड़ित लोगों के लिए जागरूकता और समर्थन बढ़ाने पर केंद्रित है। 2002 में स्थापित ‘मिस पाकिस्तान वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन’ दो दशकों से पाकिस्तानी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय ब्यूटी पेजेंट के लिए तैयार कर रहा है।
“मिस वर्ल्ड में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करना सम्मान की बात है। इससे देश की समृद्ध संस्कृति, मजबूती और विविधता को दुनिया के सामने लाने में मदद मिलेगी। पाकिस्तानी महिलाओं के बारे में दुनिया में बेहतर समझ पैदा होगी” -अनिका
मिस पाकिस्तान वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन की प्रमुख सोनिया अहमद ने मिस वर्ल्ड में पाकिस्तान की भागीदारी को एक ऐतिहासिक पल बताया है। उन्होंने कहा कि मिस वर्ल्ड में पाकिस्तान की पहली आधिकारिक भागीदार वैश्विक मंच पर राष्ट्रीय प्रतिनिधित्व के लिए बड़ी उपलब्धि है।पाकिस्तानी महिलाएं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी काबिलियत साबित कर रही हैं।
पाकिस्तानी कंटेस्टेंट पिछले कुछ वर्षों में कई अंतरराष्ट्रीय ब्यूटी पेजेंट में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं लेकिन यह मिस वर्ल्ड में देश की पहली आधिकारिक उपस्थिति होगी। अनिका ने लाहौर में कहा कि मिस वर्ल्ड फेस्टिवल में पाकिस्तान की भागीदारी देश के पेजेंट इतिहास में एक अहम पड़ाव साबित होगा।
