ब्रिटेन में सत्ता परिवर्तन हो गया है। एंडी बर्नहैम ने सोमवार को देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाल लिया। पिछले सप्ताह उन्हें लेबर पार्टी का नया नेता चुना गया था। लेबर पार्टी का नेता चुने जाने के बाद किंग चार्ल्स III ने एंडी बर्नहैम को नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल ली।
इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा सौंपा, जिसे किंग चार्ल्स III ने स्वीकार कर लिया। बकिंघम पैलेस के प्रवक्ता ने बताया कि किंग चार्ल्स III ने कीर स्टारमर से मुलाकात की और उनका प्रधानमंत्री तथा फर्स्ट लॉर्ड ऑफ द ट्रेजरी पद से इस्तीफा स्वीकार किया। इसके बाद एंडी बर्नहैम को नई सरकार बनाने का निमंत्रण दिया गया। 56 वर्षीय एंडी बर्नहैम इससे पहले ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर रह चुके हैं। वह साल 2016 के बाद ब्रिटेन के सातवें प्रधानमंत्री बने हैं।
बता दें कि बर्नहैम पिछले हफ्ते बिना किसी विरोध के लेबर पार्टी के लीडर चुने गए थे। वह पार्टी के नए लीडर बनने के लिए अकेले कैंडिडेट थे, जिन्हें हाउस ऑफ कॉमन्स में 403 लेबर सांसदों में से 379 का नॉमिनेशन मिला।
उम्मीद लगाई जा रही है कि वह कैबिनेट के लिए अपने चुने हुए नामों की घोषणा करके तुरंत प्रधानमंत्री के तौर पर काम शुरू कर देंगे। वह पिछले चार साल में देश के पांचवें प्राइम मिनिस्टर हैं। उन्होंने “स्टेबल और जिम्मेदार” पॉलिटिक्स लाने का वादा किया है। इससे पहले, स्टारमर ने 10 डाउनिंग स्ट्रीट से ब्रिटेन के प्राइम मिनिस्टर के तौर पर अपना आखिरी भाषण दिया और फिर किंग से फॉर्मल तौर पर अपना इस्तीफा देने के लिए उनसे मिलने चले गए।
कीर स्टारमर ने अपने आखिरी भाषण में कहा, “मेरा काम हो गया है।” इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह बैटन बर्नहैम को देश की जिम्मेदारी सौंप रहे हैं और उन्हें उनका पूरा सपोर्ट है। स्टारमर ने कहा, “मैं अच्छे से जा रहा हूं, मैं मुस्कान के साथ जा रहा हूं और हमने जो कुछ भी हासिल किया है, उस पर मुझे गर्व है।” 63 साल के स्टारमर लेबर पार्टी के सांसद हैं। उन्होंने पिछले महीने पद छोड़ने का ऐलान किया था।
