नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अनुराग जैन को नीति आयोग का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। अनुराग जैन मध्य प्रदेश कैडर के 1989 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उनकी नियुक्ति को कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने मंजूरी दे दी है। इस संबंध में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने आधिकारिक आदेश जारी किया है। आदेश में उनकी नियुक्ति की शर्तों और कार्यकाल से जुड़ी जानकारी भी दी गई है। अनुराग जैन अब नीति आयोग के CEO के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, जैन की नियुक्ति उस तारीख से प्रभावी होगी जब वह अपना पद संभालेंगे। आदेश में कहा गया है कि वह नीति आयोग के सीईओ के तौर पर अपनी सेवा के स्वीकृत विस्तार कार्यकाल के पूरा होने तक और उसके बाद कुल दो साल की अवधि के लिए या अगले आदेश तक, इनमें से जो भी पहले हो, काम करेंगे।
इसमें आगे कहा गया है कि उनकी नियुक्ति उन्हीं शर्तों और नियमों के तहत होगी जो उनके पूर्ववर्ती अधिकारी पर लागू थे। इस नियुक्ति को भारत सरकार के तहत कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने मंजूरी दी है।
अनुराग जैन को एडमिनिस्ट्रेशन में चार दशकों का अनुभव है
अनुराग जैन को एडमिनिस्ट्रेशन में लगभग चार दशकों का अनुभव है। उन्होंने केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार दोनों में कई अहम पदों पर काम किया है। अपने करियर के दौरान वह कई तरह की पॉलिसी और एडमिनिस्ट्रेटिव पहलों से जुड़े रहे हैं। खासकर इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, इंडस्ट्रियल ग्रोथ और गवर्नेंस में सुधार के क्षेत्रों में।
बता दें कि नीति आयोग केंद्र सरकार का प्रमुख पब्लिक पॉलिसी थिंक टैंक है। इस आयोग के सीईओ के तौर पर जैन कोऑपरेटिव और कॉम्पिटिटिव फेडरलिज्म को बढ़ावा देने, साक्ष्यों पर आधारित पॉलिसी बनाने में मदद करने और राष्ट्रीय विकास की अहम प्राथमिकताओं को लागू करने की कोशिशों की देखरेख करेंगे।
