मुंबई: बॉलीवुड के जाने-माने गायक अभिजीत भट्टाचार्य ने एक बार फिर सिंगर नेहा कक्कड़ पर बिना नाम लिए निशाना साधा है। उन्होंने करीब दो साल पहले रियलिटी शो ‘सुपरस्टार सिंगर 3’ में शादियों में गाने को लेकर हुई बहस का जिक्र करते हुए अपने पुराने बयान को दोहराया।
एक इंटरव्यू में अभिजीत ने कहा कि उन्हें कभी भी शादियों में गाना पसंद नहीं रहा। उन्होंने बताया कि इसके पीछे उनकी अपनी सोच और सिद्धांत हैं।
हालांकि, उन्होंने नेहा कक्कड़ का नाम नहीं लिया, लेकिन कथित तौर पर कलाकारों द्वारा 1 करोड़ रुपये परफॉर्मेंस फीस लेने के दावों पर सवाल उठाए। अभिजीत ने कहा कि कोई कलाकार खुद अपनी फीस का प्रचार करे, तो यह सिर्फ अपनी मार्केटिंग करने का तरीका है। उनका कहना था कि उन्होंने कभी भी अपनी फीस का इस तरह प्रचार नहीं किया।
उन्होंने सुभोजित घोष के पाडकॉस्ट पर कहा, ‘मैं उनका नाम लेकर उन्हें पब्लिसिटी नहीं दूंगा। वह एक बेहतरीन सिंगर हैं, लेकिन अब वह कहां हैं? मैं 1 करोड़ रुपये चार्ज करती हूं कहना अपना मार्केट बनाने का तरीका है। मैं कैसे कह सकता हूं कि मैं 5 करोड़ रुपये, 10 करोड़ रुपये या 50 लाख रुपये चार्ज करता हूं, मैं इस तरह काम नहीं करता।’
मैं उनका नाम लेकर उन्हें पब्लिसिटी नहीं दूंगा। वह एक बेहतरीन सिंगर हैं, लेकिन अब वह कहां हैं? मैं 1 करोड़ रुपये चार्ज करती हूं कहना अपना मार्केट बनाने का तरीका है। मैं कैसे कह सकता हूं कि मैं 5 करोड़ रुपये, 10 करोड़ रुपये या 50 लाख रुपये चार्ज करता हूं, मैं इस तरह काम नहीं करता-अभिजीत भट्टाचार्य
‘अचानक मिली शोहरत को संभालना आसान नहीं होता’
अभिजीत का कहना है कि नेहा को बहुत कम समय में बड़ी सफलता मिल गई। उन्होंने कहा कि अचानक मिली शोहरत को संभालना आसान नहीं होता। कलाकार को अपनी पहचान बनानी चाहिए, लेकिन ऐसा तरीका नहीं अपनाना चाहिए जिससे सिर्फ प्रचार हो।
अभिजीत ने श्रेया घोषाल की तारीफ करते हुए कहा था
उन्होंने यह भी कहा कि आजकल कई नए सिंगर्स अपनी टीम के साथ ऐसी-ऐसी शर्तें रखते हैं, जिससे आयोजकों पर बेवजह आर्थिक बोझ बढ़ जाता है। अभिजीत ने श्रेया घोषाल की तारीफ करते हुए कहा कि दूसरे कलाकारों को उनसे सीख लेनी चाहिए। उनके अनुसार कुछ सिंगर कुछ हिट गानों के बाद ही बड़ी-बड़ी मांगें करने लगते हैं, जिसका नुकसान आखिर में आयोजकों को उठाना पड़ता है।
‘कई बार कलाकारों के परिवार के सदस्य भी उनकी टीम का हिस्सा बन जाते हैं’
अभिजीत ने दावा किया कि कई बार कलाकारों के परिवार के सदस्य भी उनकी टीम का हिस्सा बन जाते हैं और अलग-अलग मांगें रखते हैं। उन्होंने कहा कि आयोजकों को होटल, ठहरने और दूसरी सुविधाओं पर लाखों रुपये एक्स्ट्रा खर्च करने पड़ते हैं, जो सही नहीं है।
‘हमेशा कोशिश करते हैं कि किसी आयोजक को नुकसान न हो’
उन्होंने बताया कि वह हमेशा कोशिश करते हैं कि किसी आयोजक को नुकसान न हो। उनका मानना है कि अगर कोई व्यक्ति अपना पैसा लगाकर कार्यक्रम करवा रहा है तो कलाकारों को भी उसकी स्थिति समझनी चाहिए और जरूरत से ज्यादा मांगें नहीं रखनी चाहिए।
शादियों में गाने को लेकर अभिजीत ने साफ कहा कि उन्होंने कभी शादी समारोहों में प्रस्तुति नहीं दी। उनके मुताबिक, अगर लोग उन्हें सुनना चाहते हैं तो उन्हें उनके लाइव कॉन्सर्ट में आना चाहिए। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि आज भी उनके कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
क्या था पूरा विवाद?
साल 2024 में ‘सुपरस्टार सिंगर 3’ के दौरान अभिजीत ने एक कंटेस्टेंट को सलाह दी थी कि वह शादियों में गाकर अपनी कला को न बेचें, क्योंकि कलाकार को पैसों से नहीं खरीदा जा सकता। इस पर नेहा कक्कड़ ने अलग राय रखते हुए कहा था कि अगर किसी कलाकार को सम्मान और प्यार के साथ बुलाया जाए तो शादी में परफॉर्म करने में कुछ भी गलत नहीं है। उनके अनुसार कोई भी काम छोटा नहीं होता।
