Sat. Jul 25th, 2026

बालकनी की लोहे की रेलिंग पर बारिश, नमी और धूल की वजह से समय के साथ जंग लगना शुरू हो जाता है। शुरुआत में यह छोटे-छोटे भूरे धब्बों के रूप में दिखाई देता है, लेकिन अगर इसे समय पर साफ न किया जाए तो जंग धीरे-धीरे लोहे को कमजोर कर सकती है।

रेलिंग पर पेंट करने या नई कोटिंग लगाने से पहले जंग को पूरी तरह हटाना जरूरी होता है। अगर जंग साफ नहीं की गई, तो पेंट ज्यादा समय तक नहीं टिकेगा।

जंग हटाने के लिए सैंडपेपर या वायर ब्रश का इस्तेमाल करें। जंग लगी जगह को धीरे-धीरे रगड़ें ताकि जंग निकल जाए और लोहे की सतह को नुकसान भी न पहुंचे। रेलिंग के कोनों या छोटी जगहों की सफाई के लिए पतले वायर ब्रश या एमरी पेपर का उपयोग किया जा सकता है।

सफाई पूरी होने के बाद रेलिंग को सूखे कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें, ताकि धूल और जंग के बचे हुए कण हट जाएं। इसके बाद पेंट या प्रोटेक्टिव कोटिंग लगाने से रेलिंग लंबे समय तक सुरक्षित और चमकदार बनी रहेगी।

रस्ट रिमूवर का कैसे होगा इस्तेमाल

अगर रेलिंग पर जंग ज्यादा जम गई है और सामान्य सफाई से नहीं हट रही है तो बाजार में मिलने वाले रस्ट रिमूवर का इस्तेमाल किया जा सकता है. ऐसे प्रोडक्ट जंग को ढीला करके उसे आसानी से हटाने में मदद करते हैं. इस्तेमाल करते समय हमेशा निर्माता द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें और हाथों की सुरक्षा के लिए दस्ताने जरूर पहनें, क्योंकि इनमें मौजूद केमिकल त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं.

एक दूसरा विकल्प रस्ट कन्वर्टर का भी है, जिसमें टैनिक एसिड होता है. यह जंग के साथ प्रतिक्रिया करके उसे एक मजबूत सुरक्षात्मक परत में बदल देता है, जिससे आगे जंग फैलने की संभावना कम हो जाती है. यह तरीका उन रेलिंग के लिए उपयोगी माना जाता है, जहां जंग बार-बार बनने लगती है.

इन बातों को रखें ध्यान

बता दें कि जंग साफ करने के बाद रेलिंग के सभी स्क्रू, बोल्ट और जोड़ की जांच जरूर करें. अगर कोई हिस्सा ढीला हो गया है तो उसे स्क्रूड्राइवर या रिंच की मदद से कस दें. जिन बोल्ट या स्क्रू पर जंग लग चुकी हो, उन पर पहले थोड़ा लुब्रिकेंट ऑयल स्प्रे करें. कुछ मिनट बाद उन्हें खोलना या कसना आसान हो जाएगा. अगर कोई स्क्रू या फास्टनर पूरी तरह खराब हो चुका है तो उसे नए से बदल देना बेहतर रहेगा. अगर रेलिंग का निचला हिस्सा जंग की वजह से काफी खराब हो गया है, तो केवल सफाई करना काफी नहीं होगा. ऐसे में क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाकर नया हिस्सा लगवाना ज्यादा सुरक्षित विकल्प माना जाता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *