Tue. Jul 28th, 2026

नई दिल्ली: जिम्बाब्वे दौरे के बाद भारतीय क्रिकेट टीम अब अगस्त में श्रीलंका दौरे की तैयारी कर रही है। इस बीच टीम इंडिया से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। टीम के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने अपना पद छोड़ दिया है। माना जा रहा है कि वह अगले आईपीएल सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के कोचिंग स्टाफ से जुड़ सकते हैं।

इंग्लैंड दौरे के दौरान लिया था फैसला

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंग्लैंड दौरे के दौरान ही रयान टेन डोशेट ने बीसीसीआई को बता दिया था कि वह जिम्बाब्वे सीरीज के बाद टीम इंडिया का साथ छोड़ देंगे। अब खबर है कि वह आईपीएल 2027 में केकेआर के साथ नई भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं।

2024 में बने थे टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच

रयान टेन डोशेट साल 2024 में टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच बने थे। इससे पहले वह नीदरलैंड्स क्रिकेट टीम के कप्तान रह चुके हैं। राहुल द्रविड़ के कार्यकाल के बाद जब भारतीय टीम का नया कोचिंग स्टाफ बना, तभी डोशेट को भी टीम से जोड़ा गया। उन्होंने बल्लेबाजी और फील्डिंग को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई।

केकेआर से पहले भी रहा है नाता

रयान टेन डोशेट का कोलकाता नाइट राइडर्स से पुराना रिश्ता है। वह 2012 और 2014 में टीम के खिलाड़ी थे, जब केकेआर ने आईपीएल का खिताब जीता था। इसके बाद 2022 से 2024 तक उन्होंने टीम के फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी भी संभाली।

उनके कार्यकाल में भारत ने जीते बड़े खिताब

रयान टेन डोशेट के कोचिंग स्टाफ में रहते हुए भारत ने 2025 में एशिया कप और 2026 में आईसीसी टी20 विश्व कप का खिताब जीता। हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और भारत को ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *