गणेश चतुर्थी का त्योहार देशभर में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस दिन भगवान गणेश की पूजा के साथ उन्हें उनके पसंदीदा भोग भी चढ़ाए जाते हैं। इनमें मोदक का खास महत्व माना जाता है।
मान्यता है कि मोदक भगवान गणेश को बहुत प्रिय हैं। बाजार से मोदक खरीदने के बजाय अगर आप घर पर अपने हाथों से भोग बनाना चाहते हैं, तो उकडीचे मोदक आसानी से तैयार कर सकते हैं। इसकी नरम बाहरी परत और नारियल-गुड़ की स्वादिष्ट भरावन इसे खास बनाती है।
सबसे पहले तैयार करें नारियल-गुड़ की भरावन
भरावन बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में थोड़ा घी गर्म करें। इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल डालकर कुछ देर हल्का भूनें।
अब इसमें गुड़ डालें और धीमी आंच पर पकाएं। गुड़ के पिघलने के बाद इसे नारियल के साथ अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद इलायची पाउडर और कटे हुए मेवे डालकर मिश्रण को अच्छी तरह मिलाएं।
ध्यान रखें कि भरावन को ज्यादा देर तक न पकाएं, वरना यह सूखी हो सकती है। तैयार मिश्रण को एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने के लिए रख दें।
ऐसे तैयार करें मोदक की सॉफ्ट परत
अब मोदक की बाहरी परत बनाने के लिए एक पैन में पानी, थोड़ा घी और एक चुटकी नमक डालकर उबालें।
पानी में उबाल आने पर गैस धीमी कर दें और धीरे-धीरे चावल का आटा डालते जाएं। साथ ही इसे लगातार चलाते रहें, ताकि आटे में गांठें न पड़ें।
अब गैस बंद करके पैन को कुछ मिनट के लिए ढक दें। मिश्रण हल्का ठंडा होने के बाद इसे हाथ से अच्छी तरह गूंद लें और नरम आटा तैयार कर लें।
आटा गूंदते समय जरूरत के अनुसार हाथों पर थोड़ा घी या पानी लगा सकते हैं। इससे आटा आसानी से गूंद जाएगा और मोदक की बाहरी परत भी नरम बनेगी।
मोदक को दें खास आकार
अब तैयार आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें हल्का दबाकर पतला करें। इसके बीच में तैयार नारियल-गुड़ की भरावन रखें।
किनारों को हल्के हाथ से मोड़ते हुए मोदक का पारंपरिक आकार दें। इसी तरह सभी मोदक तैयार कर लें।
भाप में पकाएं
तैयार मोदक को स्टीमर में रखें और भाप में पकाएं। कुछ देर बाद जब मोदक की बाहरी परत अच्छी तरह पक जाए, तो इन्हें बाहर निकाल लें।
गणेश चतुर्थी पर इन ताजे और सॉफ्ट उकडीचे मोदक को भगवान गणेश को भोग के रूप में अर्पित कर सकते हैं और परिवार के साथ प्रसाद के रूप में खा सकते हैं।
यह भी पढ़े- किचन सिंक में पानी नहीं जा रहा? प्लंबर बुलाने से पहले आजमाएं ये आसान तरीके



