तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के एयरपोर्ट पर सोमवार, 7 सितंबर 2026 को उस समय इमरजेंसी जैसे हालात बन गए, जब कुआलालंपुर से जेद्दा जा रही मलेशिया एयरलाइंस की एक फ्लाइट के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई।
समस्या सामने आने के बाद विमान को तुरंत चेन्नई एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। विमान में 186 यात्री सवार थे। तकनीकी दिक्कत के बावजूद विमान ने चेन्नई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।
एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित
अधिकारी के मुताबिक, विमान के इंजन नंबर 2 में तकनीकी समस्या आई थी। इसके बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई और सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए।
विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी प्रोटोकॉल के तहत व्यवस्थाएं लागू रहीं। हालांकि, इस घटना की वजह से एयरपोर्ट के सामान्य संचालन पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा।
तकनीकी टीम कर रही विमान की जांच
एयरलाइन और संबंधित तकनीकी टीमें विमान में आई खराबी की जांच कर रही हैं। विमान को एयरक्राफ्ट टो व्हीकल की मदद से पार्किंग स्लॉट तक पहुंचाया गया।
वहीं, विमान में सवार सभी यात्रियों के लिए एयरपोर्ट पर रुकने की व्यवस्था की गई है।
दूसरी फ्लाइट भी चेन्नई डायवर्ट
इसी दौरान एक दूसरी घटना में तिरुचिरापल्ली से सिंगापुर जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को भी तकनीकी समस्या के कारण चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया।
इस विमान के लिए चेन्नई एयरपोर्ट पर लोकल स्टैंडबाय घोषित किया गया। इसके बाद एयरपोर्ट की ऑपरेशनल और इमरजेंसी एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया और विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए जरूरी तैयारियां की गईं।
दोनों विमानों की सुरक्षित लैंडिंग
एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट ने भी बिना किसी दुर्घटना के चेन्नई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। दोनों घटनाओं के बाद संबंधित तकनीकी टीमों की ओर से विमानों की जांच की जा रही है।
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, दोनों घटनाओं के बावजूद चेन्नई एयरपोर्ट पर बाकी फ्लाइट ऑपरेशंस सामान्य रूप से जारी रहे।
यह भी पढ़े- गणेश चतुर्थी पर घर में बनाएं सॉफ्ट मोदक, आसान है रेसिपी



