गांदरबल: जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग में कुछ युवकों को सोशल मीडिया के लिए रील बनाना भारी पड़ गया। युवकों ने स्टंट और वीडियो बनाने के लिए अपनी महिंद्रा स्कॉर्पियो को नदी की तेज और बर्फीली धारा में उतार दिया। इसके बाद SUV बीच नदी में फंस गई और उसमें सवार लोग भी मुश्किल में पड़ गए।
यह घटना शुक्रवार दोपहर मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनमर्ग टूरिस्ट रिजॉर्ट के पास सामने आई।
तेज बहाव में फंस गई स्कॉर्पियो
बताया जा रहा है कि युवकों का एक ग्रुप सोशल मीडिया रील बनाने के लिए गाड़ी से नदी पार करने का खतरनाक स्टंट कर रहा था। उन्होंने अपनी स्कॉर्पियो को नाला सिंध के तेज बहाव वाले पानी में उतार दिया।
जैसे ही गाड़ी पानी में आगे बढ़ी, तेज बहाव के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी के बीच चट्टानों के बीच फंस गई। देखते ही देखते गाड़ी के आसपास पानी का बहाव बढ़ने लगा और उसमें बैठे लोग अंदर ही फंस गए।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलते ही सोनमर्ग पुलिस स्टेशन के SHO पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोग भी मदद के लिए नदी किनारे पहुंच गए।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बचाव अभियान चलाया और स्कॉर्पियो में फंसे सभी युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं लगी।
पुलिस ने स्कॉर्पियो जब्त की
युवकों को सुरक्षित निकालने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि इस तरह की लापरवाही से लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने पर भी चिंता
इस घटना की स्थानीय लोगों और पर्यावरण से जुड़े संगठनों ने आलोचना की है। उनका कहना है कि पर्यटकों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को कश्मीर के संवेदनशील जलस्रोतों में इस तरह के खतरनाक स्टंट से बचना चाहिए।
लद्दाख में भी संवेदनशील इलाकों में ऐसे स्टंट और नियमों के उल्लंघन पर भारी जुर्माने और अन्य कार्रवाई के प्रावधान किए गए हैं। यह कदम चांगथांग नेशनल पार्क और पैंगोंग झील जैसे इलाकों में वन्यजीवों और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले स्टंट के वीडियो सामने आने के बाद उठाया गया था।
यह भी पढ़े- दुनिया में सबसे साफ पानी कहां मिलता है? जानें कौन देश है वॉटर एक्सपोर्ट का किंग



