अगर अगले हफ्ते आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करना है, तो उसे समय रहते निपटा लेना बेहतर होगा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) ने 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल का प्रस्ताव रखा है।
हड़ताल की संभावित स्थिति को देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। बैंक ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे जरूरी बैंकिंग काम हड़ताल शुरू होने से पहले ही पूरा कर लें। SBI ने इस संबंध में अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर भी जानकारी साझा की है।
बैंक जाने से पहले जरूरी काम निपटा लें
SBI ने कहा है कि हड़ताल के दौरान ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। हालांकि, शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए ग्राहकों से कहा गया है कि वे अपने जरूरी बैंकिंग ट्रांजैक्शन पहले ही पूरे कर लें।
28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल
UFBU की ओर से 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल का प्रस्ताव रखा गया है। ऐसे में जिन ग्राहकों को बैंक शाखा में जाकर कोई जरूरी काम करना है, उन्हें इन तारीखों को ध्यान में रखते हुए पहले से अपनी योजना बनाने की सलाह दी गई है।
कैश की जरूरत हो तो ATM का करें इस्तेमाल
हड़ताल के दौरान अगर आपको नकदी की जरूरत पड़ती है, तो आप ATM और ADWM का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा कुछ बैंकिंग सेवाओं के लिए Customer Service Points (CSPs) की सुविधा भी ली जा सकती है।
डिजिटल बैंकिंग से भी कर सकते हैं काम
SBI ने ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। ग्राहक YONO, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और UPI के जरिए कई जरूरी बैंकिंग काम घर बैठे कर सकते हैं।
हालांकि, प्रस्तावित हड़ताल के कारण सेवाओं पर कितना असर पड़ेगा, यह बैंकिंग यूनियनों और बैंकों के बीच होने वाले घटनाक्रम पर निर्भर करेगा। इसलिए जरूरी बैंकिंग काम करने वाले ग्राहकों के लिए पहले से तैयारी करना उपयोगी रहेगा।
यह भी पढ़े- MP के 7,400 से ज्यादा मेधावी छात्रों को मिली स्कूटी, CM मोहन यादव ने छात्रों से किया संवाद



