भारत और चीन के बीच हवाई यात्रा को लेकर बड़ी खबर है। China Southern Airlines 21 सितंबर 2026 से दिल्ली और गुआंगझोऊ के बीच सीधी उड़ान सेवा फिर शुरू कर रही है। एयरलाइन के मुताबिक यह सेवा रोजाना संचालित होगी।
कोरोना महामारी के बाद भारत और चीन के बीच सीधी उड़ान सेवाएं लंबे समय तक बंद रही थीं। अब करीब छह साल बाद इस रूट पर China Southern की वापसी हुई है।
रात 8:20 बजे दिल्ली से उड़ान
एयरलाइन के शेड्यूल के अनुसार CZ360 फ्लाइट दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रात 8:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:15 बजे गुआंगझोऊ पहुंचेगी। इस रूट पर Boeing 737-8 विमान का इस्तेमाल किया जाएगा।
वहीं, गुआंगझोऊ से दिल्ली आने वाली फ्लाइट CZ359 होगी। यह फ्लाइट दोपहर 3:35 बजे गुआंगझोऊ से रवाना होकर शाम 7 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
रोजाना चलेगी फ्लाइट
China Southern Airlines ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर दिल्ली-गुआंगझोऊ रूट को डेली सर्विस के तौर पर सूचीबद्ध किया है। इससे यात्रियों को दोनों शहरों के बीच सीधे सफर का विकल्प मिलेगा।
भारत आने वाली चीन की तीसरी बड़ी एयरलाइन
China Southern की वापसी के साथ चीन की एक और बड़ी एयरलाइन का भारत से सीधा हवाई संपर्क बहाल हो गया है। इससे पहले China Eastern Airlines ने शंघाई-दिल्ली रूट पर और Air China ने बीजिंग-दिल्ली रूट पर सेवाएं फिर शुरू की थीं।
दिल्ली और गुआंगझोऊ के बीच सीधी उड़ान शुरू होने से कारोबार, पर्यटन, पढ़ाई और अन्य कामों के लिए दोनों देशों के बीच यात्रा करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। यह भारत-चीन के बीच हवाई संपर्क को फिर से मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।
यह भी पढ़े- MP के 7,400 से ज्यादा मेधावी छात्रों को मिली स्कूटी, CM मोहन यादव ने छात्रों से किया संवाद



