कांगो में शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को एक बड़ा विमान हादसा हुआ। इस दुर्घटना में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में कांगो की सेना के दो वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।
यह विमान दक्षिण-पश्चिमी शहर किकविट से राजधानी किंशासा जा रहा था। इसी दौरान विमान किकविट के पास केन्गे इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
सेना के दो बड़े अधिकारियों की मौत
कांगो की सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल एफोमी एकेन्गे ने बताया कि हादसे में मिलिट्री कोर्ट के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मुटोम्बो कतालयी टिएंडे और सशस्त्र बलों के ऑडिटर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया की भी मौत हो गई।
इन दोनों अधिकारियों के अलावा विमान में मौजूद प्रतिनिधिमंडल के सदस्य और क्रू के लोग भी हादसे में मारे गए।
तकनीकी खराबी के बाद हुआ हादसा
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, विमान में तकनीकी समस्या आने के बाद वह किकविट से वापस किंशासा की ओर लौट रहा था। इसी दौरान विमान केन्गे में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे में विमान में सवार सभी लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है।
हादसे की जांच शुरू
दुर्घटना के बाद कांगो की सेना ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हादसे की सही वजह स्पष्ट नहीं है।
सिविल एविएशन अथॉरिटी के बोर्ड के चेयरमैन ट्राइफॉन किन-किये मुलुम्बा ने भी कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।
कांगो में विद्रोहियों से संघर्ष जारी
कांगो के कई हिस्सों में सेना लंबे समय से विद्रोही समूहों के खिलाफ अभियान चला रही है। खासकर पूर्वी कांगो में M23 विद्रोही समूह के साथ संघर्ष जारी है।
हाल के समय में विद्रोही समूहों की ओर से कई हमले किए गए हैं और पूर्वी कांगो के कुछ महत्वपूर्ण शहरों पर भी उनका कब्जा हुआ है। ऐसे समय में सेना के दो वरिष्ठ अधिकारियों की विमान हादसे में मौत कांगो के लिए एक महत्वपूर्ण घटना मानी जा रही है।



