लखनऊ: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी का शुक्रवार, 25 सितंबर को निधन हो गया। उन्होंने लखनऊ स्थित SGPGI में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। उनकी उम्र करीब 74 वर्ष थी।
राम गोविंद चौधरी लंबे समय तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे। वह आठ बार विधायक रहे और 2017 से 2022 तक उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभाली। वह सपा की सरकारों में मंत्री भी रह चुके थे।
अखिलेश यादव ने जताया दुख
राम गोविंद चौधरी के निधन पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शोक जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
सीएम योगी ने भी दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राम गोविंद चौधरी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने उन्हें पूर्व नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मंत्री बताते हुए श्रद्धांजलि दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
पुष्पेंद्र सरोज और केशव प्रसाद मौर्य ने जताया दुख
सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने भी राम गोविंद चौधरी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में राम गोविंद चौधरी का योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी।
करीब पांच दशक का रहा राजनीतिक सफर
राम गोविंद चौधरी का राजनीतिक सफर कई दशकों तक चला। वह पहली बार 1977 में उत्तर प्रदेश विधानसभा पहुंचे थे। बाद में उन्होंने बलिया की बांसडीह सीट का भी प्रतिनिधित्व किया। वह मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की सरकारों में मंत्री रहे।
2017 के विधानसभा चुनाव के बाद उन्हें उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया गया था। 2022 तक उन्होंने इस पद की जिम्मेदारी संभाली।
उनके निधन की खबर के बाद समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया है।
कब-कब विधानसभा के लिए हुए निर्वाचित?
- 1977, जून सातवीं विधान सभा के सदस्य, पहली बार निर्वाचित
- 1980, मई आठवीं विधान सभा के सदस्य, दूसरी बार निर्वाचित
- 1985, मार्च नवीं विधान सभा के सदस्य, तीसरी बार निर्वाचित
- 1989, नवम्बर दसवीं विधान सभा के सदस्य, चौथी बार निर्वाचित
- 1991, मई – जून ग्यारहवीं विधान सभा के सदस्य, पांचवीं बार निर्वाचित
- 2002, फरवरी चौदहवीं विधान सभा के सदस्य, छठी बार निर्वाचित
- 2012, मार्च सोलहवीं विधान सभा के सदस्य सातवीं बार निर्वाचित
- 2017, मार्च सत्रहवीं विधान सभा के सदस्य, आठवीं बार निर्वाचित
मुलायम-अखिलेश दोनों की सरकार में रहे मंत्री
- 1990 दिसम्बर- 1991 जून- मंत्री, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण (मुलायम सिंह यादव की सरकार)
- 2002- नेता, समाजवादी जनता पार्टी (राष्ट्रीय) विधान मण्डल दल
- 2003 अक्टूबर-2007 मई- मंत्री बाल विकास एवं पुष्टाहार (मुलायम सिंह यादव की सरकार)
- 2012-2017- मंत्री, बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक शिक्षा, समाज कल्याण एवं पंचायती राज (अखिलेश यादव की सरकार)



