दिल्ली में प्रवेश वर्मा के खिलाफ पुलिस शिकायत, जांच जारी
दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा पर एक युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। मामले में युवक साहिब सिंह ने पुलिस से शिकायत की है। दिल्ली पुलिस फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायतों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
क्या है दिल्ली के तिलक नगर का पूरा मामला?
रविवार को तिलक नगर इलाके में सड़क का निरीक्षण करने के लिए PWD मंत्री प्रवेश वर्मा पहुंचे थे। इस दौरान सड़क की गुणवत्ता को लेकर AAP विधायक जरनैल सिंह और मंत्री के बीच बातचीत हुई।
इसी दौरान साहिब सिंह मोबाइल फोन से पूरी घटना रिकॉर्ड कर रहे थे। साहिब सिंह का आरोप है कि प्रवेश वर्मा ने उनका मोबाइल लेने की कोशिश की और इसके बाद उन्हें थप्पड़ मारा। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
साहिब सिंह ने लगाए ये आरोप
साहिब सिंह ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज भी हुई। उन्होंने मंत्री और उनके साथ मौजूद कुछ लोगों पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। वहीं, सामने आए वीडियो में प्रवेश वर्मा साहिब सिंह को थप्पड़ मारते हुए दिखाई देते हैं।
AAP ने की गिरफ्तारी की मांग
घटना के बाद आम आदमी पार्टी ने प्रवेश वर्मा के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। AAP नेताओं का आरोप है कि सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल पूछे जाने के बाद विवाद हुआ और इसी दौरान युवक को थप्पड़ मारा गया।
AAP नेताओं ने इस मामले को लेकर पुलिस और सरकार पर भी सवाल उठाए हैं।
दिल्ली में पुलिस को मिलीं कई शिकायतें
मामले में सिर्फ साहिब सिंह की शिकायत ही नहीं, बल्कि दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायतें मिलने की जानकारी सामने आई है। NDTV के मुताबिक, पुलिस को कुल पांच शिकायतें मिली हैं और फिलहाल किसी शिकायत पर FIR दर्ज नहीं हुई है। पुलिस सभी शिकायतों की जांच कर रही है।
साहिब सिंह पर पहले से मामला दर्ज
इस विवाद के बीच पुलिस रिकॉर्ड के हवाले से यह भी सामने आया है कि साहिब सिंह के खिलाफ जून 2026 में एक MCD कर्मचारी से कथित मारपीट का मामला दर्ज हुआ था। रिपोर्टों के मुताबिक, इस मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया था और बाद में वह जमानत पर बाहर आए। यह पुराना मामला मौजूदा थप्पड़ विवाद से अलग है।
फिलहाल तिलक नगर सड़क विवाद और थप्पड़ मामले में पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और उपलब्ध वीडियो/CCTV फुटेज की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े- सुहावने मौसम पर लगेगा ब्रेक, 1 अक्टूबर से बढ़ेगा तापमान, बारिश का भी अलर्ट



