दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर 2026 को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने 15 अक्टूबर को प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए यह नोटिस जारी किया। इसी पार्क में सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 16 अक्टूबर को ‘लहरा दो तिरंगा’ कार्यक्रम आयोजित करने का ऐलान किया था। उन्होंने लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील भी की थी। आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी इसमें शामिल होने की घोषणा की है।
क्यों किया गया ‘लहरा दो तिरंगा’ कार्यक्रम का ऐलान?
अभिजीत दीपके ने सीजेपी के सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद इस कार्यक्रम की घोषणा की थी। दोनों को जंतर-मंतर पर कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश करने, बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के काम में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल दोनों तिहाड़ जेल में हैं।
कनॉट प्लेस में धारा 163 लागू
दिल्ली पुलिस ने बताया कि कनॉट प्लेस और उसके आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है। पुलिस के मुताबिक, NDMC ने पत्र लिखकर सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को बंद रखने की जानकारी दी है।
NDMC ने पुलिस से पार्क की सुरक्षा के लिए उचित इंतजाम करने और बिना अनुमति किसी को भी पार्क में प्रवेश नहीं देने का अनुरोध किया है।
पुलिस ने लोगों से की अपील
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे धारा 163 के तहत लागू प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वाले किसी भी जमावड़े में शामिल न हों। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, पुलिस ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय ध्वज लेकर राष्ट्रगान गाने के लिए 11 लोगों के समूह को किसी उपयुक्त स्थान पर अनुमति देने की व्यवस्था की जा सकती है।
फिलहाल, सेंट्रल पार्क को बंद करने के फैसले और ‘लहरा दो तिरंगा’ कार्यक्रम को लेकर दिल्ली में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है।



