आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में दसवीं कक्षा की छात्रा गोपिका पर हुए हमले के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, घटना की जांच के लिए आरोपी हेमंत को सीन री-कंस्ट्रक्शन कराने के लिए ले जाया गया था। इसी दौरान उसने पुलिस से बचकर भागने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि यह घटना आत्मकुरु के जंगल इलाके में हुई। आरोप है कि आरोपी ने पुलिस का विरोध किया और उन पर हमला करने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने छह राउंड फायरिंग की, जिसमें हेमंत घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, उसे कितनी गोलियां लगी हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना अनंतपुर जिले के राप्ताडु स्थित जिला परिषद हाईस्कूल की है। जानकारी के मुताबिक, स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं, तभी दसवीं की छात्रा गोपिका पर हेमंत ने चेनसॉ यानी इलेक्ट्रिक आरी से हमला कर दिया।
इस हमले में गोपिका गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे बचाने की कोशिश में एक अन्य छात्रा लक्ष्मी भी घायल हो गई थी। अचानक हुए इस हमले से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। छात्र और शिक्षक दहशत में आ गए।
आरोपी पीड़िता का करीबी रिश्तेदार
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान हेमंत के रूप में हुई है, जो पीड़िता का करीबी रिश्तेदार बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, गोपिका रोज की तरह अपने गांव अक्कयावरीपालेम से ऑटो-रिक्शा में स्कूल पहुंची थी। सुबह करीब 10:30 बजे आरोपी अचानक क्लासरूम में घुसा और उस पर चेनसॉ से हमला कर दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और बाद में उसे पकड़ लिया।
सीन री-कंस्ट्रक्शन के दौरान हुई फायरिंग
पुलिस आरोपी को घटना की जगह पर ले गई थी, ताकि हमले के पूरे घटनाक्रम को दोबारा समझा जा सके। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस से भागने और विरोध करने की कोशिश की।
इसके बाद पुलिस ने उस पर छह राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग में घायल होने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल पुलिस फायरिंग की पूरी परिस्थितियों और आरोपी की चोटों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। इस घटना के बाद छात्रा पर हमले का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।



