एअर इंडिया ने उड़ान से पहले शराब पीने के शक में अपने एक को-पायलट के खिलाफ कार्रवाई की है। 6 सितंबर को ज्यूरिख से दिल्ली आने वाली Air India की फ्लाइट AI151 के फर्स्ट ऑफिसर को उड़ान से कुछ समय पहले विमान से हटा दिया गया।
अधिकारियों को शक था कि को-पायलट ने शराब पी रखी है। इसके बाद उनका एल्कोहॉल टेस्ट किया गया, जिसमें वह शुरुआती जांच में फेल हो गए।
दूसरे टेस्ट की रिपोर्ट का इंतजार
एअर इंडिया के मुताबिक, शुरुआती टेस्ट के बाद ज्यूरिख एयरपोर्ट पर को-पायलट का एक और एल्कोहॉल टेस्ट किया गया। इसकी अंतिम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
जांच पूरी होने तक को-पायलट को सस्पेंड कर दिया गया। उन्हें उसी फ्लाइट से एक सामान्य यात्री के तौर पर भारत वापस भेज दिया गया।
को-पायलट के विमान से हटाए जाने के कारण AI151 तय समय पर ज्यूरिख से दिल्ली के लिए उड़ान नहीं भर सकी। इसके बाद फ्लाइट ने अगले दिन दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
Air India ने क्या कहा?
घटना के बाद एअर इंडिया ने बयान जारी कर कहा कि कंपनी सुरक्षा, नियामकीय नियमों और अपने प्रोटोकॉल के उल्लंघन को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाती है।
एयरलाइन ने कहा कि अगर किसी कर्मचारी पर नियम तोड़ने की बात साबित होती है, तो नियामकीय जरूरतों और कंपनी की नीति के अनुसार कार्रवाई की जाती है।
पहले भी पायलट का ड्रग टेस्ट आया था पॉजिटिव
यह मामला उस घटना के कुछ सप्ताह बाद सामने आया है, जिसमें एअर इंडिया के एक अन्य पायलट का ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आया था।
यह मामला 4 अगस्त को फुकेट से दिल्ली आने वाली फ्लाइट से जुड़ा था। उड़ान के दौरान विमान के अचानक ऊंचाई खोने के बाद पायलट का ड्रग टेस्ट किया गया। रिपोर्ट में पायलट के गांजा सेवन के लिए पॉजिटिव पाए जाने की बात सामने आई थी।
इस घटना में विमान में सवार 20 से ज्यादा यात्री और क्रू मेंबर्स घायल हुए थे। इसके बाद संबंधित पायलट को एयरलाइन से हटा दिया गया था।
इस घटना के बाद एअर इंडिया ने अपने सभी पायलटों के लिए अनिवार्य डोप टेस्ट दोबारा कराने का फैसला किया था।
यह भी पढ़े- SIR विवाद के बीच जन सुराज ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की



