Tue. Jul 21st, 2026

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से देहरादून–मसूरी मुख्य मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास सड़क का एक हिस्सा टूट गया है। हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने इस मार्ग को अगले आदेश तक पूरी तरह बंद कर दिया है।

उप जिलाधिकारी, मसूरी के अनुसार, सड़क को नुकसान पहुंचने के कारण लोगों और वाहनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस रास्ते पर सभी तरह की आवाजाही पर तत्काल रोक लगा दी गई है।

प्रशासन ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि मार्ग पर यातायात प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराया जाए। वहीं, लोक निर्माण विभाग (PWD) और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को सड़क की जल्द मरम्मत कर यातायात बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अगले आदेश तक देहरादून–मसूरी मार्ग पर यात्रा न करें। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और मौसम विभाग तथा जिला प्रशासन की ओर से जारी सभी निर्देशों का पालन करें।

 चारधाम यात्रा अस्थायी तौर पर रोकी गई

उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चारधाम यात्रा मार्ग के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन के कारण उत्पन्न प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए सोमवार को एहतियातन चारधाम यात्रा अस्थायी तौर पर रोक दी गई। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मौजूदा मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। 

बता दें कि चारधाम यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने और परिस्थितियां सामान्य होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। प्रशासन ने कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण कई स्थानों पर यात्रा मार्ग प्रभावित हुए हैं, जिसके चलते यह निर्णय लिया गया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *