Fri. Aug 7th, 2026

दिल्ली में बढ़ रहे डेंगू और स्वाइन फ्लू के मामले

मानसून के मौसम में डेंगू और स्वाइन फ्लू के मामले तेजी से बढ़ने लगते हैं। बारिश के बाद जगह-जगह पानी जमा होने से मच्छर बढ़ते हैं, जिससे डेंगू का खतरा बढ़ जाता है। वहीं, स्वाइन फ्लू संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से फैलता है।

हाल के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में अब तक डेंगू के 1,179 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें 210 मरीज दिल्ली के बाहर के हैं। वहीं, अस्पतालों में कुल 1,389 डेंगू मरीज भर्ती हैं। इसके अलावा स्वाइन फ्लू के 1,344 मामले भी दर्ज किए गए हैं।

हालांकि, राहत की बात यह है कि दोनों ही मामलों में अब तक कोई मौत दर्ज नहीं हुई है। लेकिन बढ़ती संख्या को देखते हुए सतर्कता कम नहीं की जानी चाहिए। मैक्योर हॉस्पिटल में कंसल्टेंट मेडिसिन, डॉ. प्रतीक कादियान, बता रहे हैं कि डेंगू और स्वाइन फ्लू के लक्षण कौन से होते हैं और बचाव के लिए क्या करना चाहिए?

डेंगू और स्वाइन फ्लू में क्या अंतर है?

डेंगू एडीज मच्छर के काटने से फैलता है, जबकि स्वाइन फ्लू (H1N1) संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या उसके संपर्क में आने से फैल सकता है।

डेंगू के लक्षण

  • तेज बुखार
  • सिरदर्द
  • आंखों के पीछे दर्द
  • शरीर और जोड़ों में दर्द
  • उल्टी

अगर बुखार उतरने के बाद पेट में तेज दर्द, लगातार उल्टी, खून आना या सांस लेने में परेशानी हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

स्वाइन फ्लू के लक्षण

  • बुखार
  • खांसी
  • गले में दर्द
  • नाक बहना
  • सिरदर्द
  • शरीर में दर्द
  • कमजोरी

 बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों तथा अस्थमा, मधुमेह, हृदय, फेफड़े या कमजोर प्रतिरक्षा वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।अगर सांस लेने में तकलीफ, सीने में दर्द या ऑक्सीजन लेवल कम हो, तो तुरंत अस्पताल जाएं।

बचाव के आसान उपाय

  • घर और आसपास पानी जमा न होने दें।
  • मच्छरों से बचने के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनें।
  • मच्छरदानी या रिपेलेंट का इस्तेमाल करें।
  • फ्लू जैसे लक्षण होने पर मास्क पहनें।
  • हाथों की सफाई रखें और भीड़भाड़ वाली जगहों से बचें।
  • किसी भी लक्षण को नजरअंदाज न करें और समय पर डॉक्टर की सलाह लें।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। (NAV24NEWS) किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है)



यह भी पढ़े- बेटियां नहीं पहुंच सकीं अंतिम संस्कार में, पिता को ONLINE दी आखिरी विदाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *