छोले के साथ गरमा-गरम आलू कुलचा मिल जाए तो खाने का स्वाद और भी बढ़ जाता है। लेकिन घर पर कुलचा बनाते समय अक्सर यह शिकायत रहती है कि वह तवे पर सिकने के बाद सख्त हो जाता है।
अगर आप भी बाजार जैसा मुलायम और फूला-फूला आलू कुलचा बनाना चाहते हैं, तो इसकी खास ट्रिक है आटे को अच्छी तरह रेस्ट देना और कुलचे को तवे पर भाप में पकाना। इससे कुलचा सॉफ्ट रहता है और स्वाद भी बढ़ जाता है।
सबसे पहले तैयार करें आलू की स्टफिंग
इसके लिए सबसे पहले उबले हुए आलू को अच्छी तरह मैश कर लें। इसमें बारीक कटा हुआ अदरक, हरी मिर्च और प्याज डालें।
अब इसमें स्वाद के अनुसार नमक, लाल मिर्च पाउडर, काला नमक, अमचूर पाउडर और बारीक कटा हरा धनिया डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर चटपटी आलू की स्टफिंग तैयार कर लें।
ऐसे तैयार करें कुलचे का आटा
एक बड़े बर्तन में मैदा लें। इसमें थोड़ा नमक और पिसी हुई शक्कर डालकर मिला लें।
अब इसमें फेंटी हुई दही, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा और थोड़ा तेल डालें। सभी चीजों को मिलाने के बाद जरूरत के हिसाब से पानी डालते हुए नरम आटा गूंध लें।
आटे पर थोड़ा तेल लगाएं और इसे गीले कपड़े से ढककर करीब 10 से 20 मिनट के लिए रख दें। आटे को रेस्ट देने से कुलचे ज्यादा सॉफ्ट बनते हैं।
लोइयां बनाकर भरें आलू की स्टफिंग
अब तैयार आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। एक लोई को हाथ से थोड़ा फैलाएं और बीच में आलू की स्टफिंग रखें।
लोई को चारों तरफ से बंद करके अच्छी तरह सील कर दें। इसके बाद थोड़ा सूखा मैदा लगाकर इसे हल्का मोटा और गोल या ओवल आकार में बेल लें।
तिल और कलौंजी से करें गार्निश
अब बेले हुए कुलचे के ऊपर हल्का पानी लगाएं। इसके ऊपर सफेद तिल, कलौंजी और बारीक कटा हरा धनिया डालें।
हाथ या बेलन से इसे हल्का दबा दें, ताकि तिल और कलौंजी कुलचे पर अच्छी तरह चिपक जाएं।
तवे पर भाप से पकाने की खास ट्रिक
अब तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा पानी छिड़कें। कुलचे को तवे पर रखें और तुरंत ढक्कन से ढक दें।
इसे धीमी आंच पर कुछ देर पकने दें। भाप में पकने से कुलचा अच्छी तरह फूलता है और सॉफ्ट बना रहता है।
इसके बाद ढक्कन हटाएं और कुलचे पर देसी घी या बटर लगाएं। दोनों तरफ से हल्का सुनहरा होने तक सेंक लें।
गरमा-गरम सर्व करें
आपका स्वादिष्ट और मुलायम आलू कुलचा तैयार है। इसे गरमा-गरम छोले, कटे हुए प्याज और अपनी पसंद की चटनी के साथ सर्व करें।
टिप: कुलचे को ज्यादा देर तक तेज आंच पर न सेंकें। भाप और धीमी आंच का इस्तेमाल करने से यह ज्यादा नरम और फूला-फूला बनेगा।
डिस्क्लेमर: इस लेख में किए गए दावे इंस्टाग्राम वीडियो और इंटरनेट पर मिली जानकारी पर आधारित हैं। NEWS24news इसकी सत्यता और सटीकता जिम्मेदारी नहीं लेता है।



